अविनाश मीणा
घाड़ (देवली)टोंक|स्मार्ट हलहल|चन्दवाड़ गांव में शनिवार दोपहर को एक रहस्यमय घटना में किसान हरिराम मीणा का पक्का कुआं अचानक जमींदोज हुआ मिला। इस घटना से कुएं में लगी पानी की मोटर, पाइप और अन्य कृषि उपकरण मलबे में दब गए, जिससे किसान को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।किसान हरिराम मीणा (पिता रामलाल मीणा) ने बताया कि जब वे दोपहर में अपने खेत पर पहुंचे, तो कुएं को पूरी तरह ढहा हुआ देखकर दंग रह गए। ग्रामीणों के अनुसार, गुरुवार देर रात क्षेत्र में आसमान से बिजली गिरने जैसी तेज गड़गड़ाहट सुनाई दी थी और जमीन में कंपन भी महसूस किया गया था।
चूंकि क्षेत्र में अभी भारी बारिश नहीं हुई है और कुआं काफी मजबूत था, ग्रामीणों का मानना है कि यह घटना आसमानी बिजली गिरने के कारण हुई है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
कुएं के नष्ट होने से किसान की खेती का मुख्य साधन समाप्त हो गया है। हरिराम मीणा ने तत्काल ग्राम पंचायत चन्दवाड़ और हल्का पटवारी को घटना की सूचना दी है। उन्होंने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। ग्रामीणों ने कहा कि प्रशासन की टीम द्वारा मौका-मुआयना करने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति और बिजली गिरने के कारण की पुष्टि हो पाएगी।
यह घटना चन्दवाड़ से करीब 2 किलोमीटर दूर ‘माल’ इलाके में हुई है। कुएं के धंसने की खबर फैलते ही मोतीलाल मीणा खेड़ा, राधेश्याम मीणा, बद्री लाल मीणा (सतवाड़ा), राजाराम मीणा, दिलखुश मीणा, जसराम मीणा और पप्पू लाल मीणा सहित कई ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। फिलहाल, इस रहस्यमय घटना को लेकर पूरे क्षेत्र में चर्चा बनी हुई है।
