पुनित चपलोत
भीलवाड़ा // एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार दो बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 22 किलो 527 ग्राम अवैध मादक पदार्थ अफीम बरामद की है। कार्रवाई के दौरान पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तस्करी में प्रयुक्त एक बोलेरो पिकअप और एक मोटरसाइकिल को भी जब्त किया गया है।
पहली कार्रवाई में 22 किलो अफीम बरामद
जानकारी के अनुसार एएनटीएफ भीलवाड़ा को सूचना मिली थी कि एक बोलेरो पिकअप में तीन व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ लेकर चित्तौड़गढ़ की ओर से श्रीगंगानगर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर टीम रायला थाना क्षेत्र में दिल्ली–मुंबई हाईवे पर पहुंची और नाकाबंदी शुरू की।
इसी दौरान चित्तौड़गढ़ की ओर से आती एक संदिग्ध बोलेरो पिकअप को रुकवाकर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से करीब 22 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ अफीम बरामद हुई। टीम ने वाहन में सवार तीन आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बोलेरो पिकअप (आरजे 31 जीबी 3173) को भी जब्त कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुभाष भूरिया (35) निवासी सुरतगढ़ जिला श्रीगंगानगर, मनफूल (26) निवासी रामसरा थाना महाजन जिला बीकानेर और कैलाश (20) निवासी सुरतगढ़ जिला श्रीगंगानगर के रूप में हुई है।
दूसरी कार्रवाई में 527 ग्राम अफीम जब्त
एएनटीएफ को एक अन्य सूचना मिली कि दो व्यक्ति मोटरसाइकिल पर अफीम की तस्करी करने जा रहे हैं। इस पर टीम एनएच-48 पर कोठारी नदी के पास चौराहे पर पहुंची और आरोपियों को पकड़ने के लिए सड़क के दोनों ओर घेराबंदी कर छिपकर बैठ गई।
कुछ ही देर में संदिग्ध मोटरसाइकिल आते ही टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 527 ग्राम अवैध मादक पदार्थ अफीम बरामद हुई। पुलिस ने मोटरसाइकिल (आरजे 09 एस 9016) को भी जब्त कर लिया।
इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अबरार खान (25) निवासी शिवदानपुरा थाना भदेसर जिला चित्तौड़गढ़ और मुन्ना भाई (75) निवासी चिकारड़ा थाना डूंगला जिला चित्तौड़गढ़ के रूप में हुई है।
पुलिस दोनों मामलों में आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि अफीम की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।
