मंगरोप।नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ के गंभीर मामले में मंगरोप पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।मामला मंगरोप थाने से जुड़ा है। पुलिस के अनुसार यह घटना जनवरी माह की है।पीड़ित नाबालिग छात्रा गांव से शहर स्थित स्कूल में परीक्षा देने के लिए नियमित रूप से आती-जाती थी।इसी दौरान आरोप है कि आरोपी अविनाश खटीक ने छात्रा को रास्ते में रोककर उसके साथ छेड़छाड़ की।घटना से आहत पीड़ित पक्ष ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई,जिस पर पुलिस ने मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू की।जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर मंगरोप पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।थाना प्रभारी नेहा राव (आरपीएस प्रोबेशनर) ने बताया कि नाबालिगों से जुड़े मामलों में कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाती है और पीड़ित को न्याय दिलाने के लिए हर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।फिलहाल आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया,जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।वहीं,क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर निगरानी बढ़ा दी गई है।वर्तमान में हो रही ऐसी घटनाओं को देखते हुए राज्य सरकार के निर्देशानुसार पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के आदेश से लगभग सभी थानों में कालिका टीम का गठन किया गया है।इस टीम में चार महिला कांस्टेबलों की नियुक्ति की गई है,जिनमें दो सुबह और दो रात्रि गश्त में तैनात रहेंगी।यह टीम बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर मुस्तैदी से कार्य करेगी।
