नगर निगम की लगातार बड़ी कार्यवाही, भू-माफियाओं के चंगुल से मुक्त हुई 1 करोड़ की बेशकीमती सरकारी जमीन

पुनित चपलोत

भीलवाड़ा// शहर के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल बाबा धाम के पास स्थित बेशकीमती सरकारी भूमि पर भू-माफियाओं और अतिक्रमणकारियों द्वारा जमाए गए अवैध कब्जे पर नगर निगम की टीम ने कड़ा प्रहार किया। परिषद के दस्ते ने मौके पर पहुंचकर अवैध रूप से खड़ी की गई पक्की दीवारों को ध्वस्त कर दिया और करीब 1 करोड़ रुपए मूल्य की इस जमीन को सरकारी नियंत्रण में ले लिया।

मिली जानकारी के अनुसार, बाबा धाम के पास गांधी नगर थाने के पीछे स्थित इस सरकारी जमीन पर पिछले कुछ समय से अतिक्रमियों की नजर थी। कब्जा करने की नीयत से यहां सीमेंटेड पक्की दीवारें खड़ी कर दी गई थीं और बाकायदा लोहे के गेट भी लगा दिए गए थे, ताकि इसे निजी संपत्ति का रूप दिया जा सके।

शिकायत की पुष्टि होने के बाद नगर निगम आयुक्त के निर्देश पर प्रवर्तन दस्ते की टीम बुलडोजर (जेसीबी) और संसाधनों के साथ मौके पर पहुँची। शुरुआत में कुछ लोगों ने विरोध करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस बल की मौजूदगी के आगे भू-माफियाओं के हौसले पस्त हो गए। निगम की टीम ने अवैध रूप से बनाए गए ढांचों और घेराबंदी को ध्वस्त कर दिया।

नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी जमीनों पर कब्जा करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। निगम अब शहर के अन्य हिस्सों में भी चिह्नित की गई जमीनों से अतिक्रमण हटाने की योजना बना रहा है। इस कार्रवाई के बाद से भू-माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है।

कार्यवाही के दौरान सुरेश गर्ग सहायक अभियंता, रामेश्वर गुर्जर कनिष्ठ अभियंता, अतिक्रमण प्रभारी संजय खोखर सहित निगम का जाप्ता ओर गांधी नगर थाने का जाप्ता मौजूद रहा।