Homeभीलवाड़ानगर निगम का अतिक्रमण के खिलाफ ताबड़तोड़ एक्शन : आजाद चौक, प्रताप...

नगर निगम का अतिक्रमण के खिलाफ ताबड़तोड़ एक्शन : आजाद चौक, प्रताप टॉकीज और हरि शेवा मार्ग पर अवैध निर्माण हटाए

पुनित चपलोत

भीलवाड़ा // नगर निगम ने गुरुवार को शहर में लंबे समय बाद व्यापक स्तर पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाते हुए आजाद चौक, प्रताप टॉकीज एरिया और हरि शेवा मार्ग पर कार्रवाई की। अभियान के दौरान दुकानों के बाहर किए गए अस्थायी और पक्के अतिक्रमण को हटाया गया।

निगम की अतिक्रमण निरोधी टीम ने दुकानों के बाहर लगे होर्डिंग, टीन शेड, बोर्ड आदि हटाए। कई स्थानों पर नालियों के ऊपर बनाए गए पक्के निर्माण को भी जेसीबी से ध्वस्त किया गया। हरि शेवा रोड से बस स्टैंड जाने वाले मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराया गया, जिससे आवागमन सुगम हुआ।

*प्रशासक नियुक्ति के बाद तेज हुई कार्रवाई*

नगर निगम में महापौर का कार्यकाल समाप्त होने के बाद जिला कलेक्टर को प्रशासक नियुक्त किया गया है। इसके बाद निगम द्वारा शहर में अतिक्रमण के खिलाफ यह बड़ी कार्रवाई की गई। अधिकारियों के अनुसार अभियान चरणबद्ध तरीके से आगे भी जारी रहेगा।

*व्यापारियों में हड़कंप, कई ने स्वयं हटाया सामान*

कार्रवाई के दौरान कई स्थानों पर दुकानों की आड़ में किए गए कच्चे निर्माण, बांस-बल्लियों से बनाए ढांचे और सड़क पर लगाई गई पक्की रेलिंग को हटाया गया। टीम के पहुंचते ही व्यापारियों में हड़कंप की स्थिति बन गई। कई व्यापारियों ने स्वयं ही अपना सामान समेटना शुरू कर दिया।

*लंबे समय से मिल रही थीं शिकायतें*

आजाद चौक और प्रताप टॉकीज क्षेत्र में लंबे समय से अतिक्रमण के कारण विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। शहरवासियों ने निगम की कार्रवाई की सराहना की है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए अभियान निरंतर जारी रहेगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular