नागौर पुलिस का अवैध शराब के खिलाफ बड़ा अभियान: 9 मामले दर्ज, 6 आरोपी गिरफ्तार, 847 पव्वे शराब जब्त

एजाज़ अहमद उस्मानी

स्मार्ट हलचल।अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नागौर आशाराम चौधरी के निर्देशन में जिलेभर में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। वृत्ताधिकारी नागौर जतिन जैन के नेतृत्व में गठित विभिन्न पुलिस टीमों ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दबिश देकर अवैध शराब के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की।
इस अभियान में सदर नागौर, गोटन, जंसनगर, खाटूबड़ी, जायल, सुरपालिया सहित डीएसटी टीम को शामिल किया गया। कार्रवाई के दौरान कुल 9 प्रकरण दर्ज किए गए तथा 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने अभियान के दौरान 847 पव्वे अवैध देशी शराब, 73 पव्वे अवैध अंग्रेजी शराब, 92 बीयर बोतलें तथा 2 अंग्रेजी शराब की बोतलें बरामद की हैं। मिली जानकारी के अनुसार सदर थाना पुलिस ने झाडीसरा निवासी महेन्द्रसिंह पुत्र करणीसिंह राजपूत (23 वर्ष) को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 128 पव्वे अवैध देशी शराब एवं 8 बीयर बोतलें बरामद कीं तथा गोटन थाना पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए कुनाराम पुत्र उमाराम मेघवाल तथा रामअवतार पुत्र भूराराम बावरी को गिरफ्तार किया। दोनों के कब्जे से क्रमशः 55 एवं 60 पव्वे अवैध देशी शराब बरामद की गई।इसी प्रकार
जंसनगर पुलिस ने बाबूलाल पुत्र मंगलाराम कुमावत के खिलाफ कार्रवाई कर 52 पव्वे अवैध देशी शराब जब्त की वहीं
खाटूबड़ी थाना क्षेत्र में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर 144 पव्वे अवैध देशी शराब बरामद की गई।
जायल पुलिस ने दिनेश पुत्र तिलोकराम (36 वर्ष) निवासी दुगारता को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 48 पव्वे अवैध देशी शराब जब्त की। तथा सुरपालिया थाना क्षेत्र में तीन अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की गई। एक मामले में अमरसिंह पुत्र मोहनसिंह (46 वर्ष) को गिरफ्तार कर 138 पव्वे अवैध देशी शराब बरामद की गई। वहीं दो अन्य मामलों में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर 47 पव्वे अवैध देशी शराब, 13 पव्वे अवैध अंग्रेजी शराब, 24 बीयर बोतलें, तथा दूसरे मामले में 175 पव्वे अवैध देशी शराब, 60 पव्वे अवैध अंग्रेजी शराब, 60 बीयर बोतलें एवं 2 अंग्रेजी शराब की बोतलें जब्त की गईं।

*अवैध कारोबारियों पर लगातार रहेगी कार्रवाई*

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन एवं बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। आमजन से भी अपील की गई है कि यदि कहीं अवैध शराब का कारोबार संचालित हो रहा हो तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।