एजाज़ अहमद उस्मानी
स्मार्ट हलचल|नागौर जिला पुलिस अधीक्षक रोशन मीणा के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन संकल्प – नशा मुक्त नागौर अभियान” के तहत नागौर पुलिस ने नशे के खिलाफ अपनी कार्रवाई को और तेज करते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। इसी क्रम में थाना कोतवाली नागौर पुलिस ने नशा तस्करी से अर्जित संपत्ति पर कड़ा प्रहार करते हुए आरोपी गोविन्द राम उर्फ गोविन्द के आलीशान मकान को फ्रीज कर दिया है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट की धारा 68एफ के तहत की गई है। फ्रीज किए गए इस मकान की बाजार कीमत लगभग 1 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। जांच में सामने आया कि आरोपी ने यह संपत्ति अवैध रूप से नशा बेचकर अर्जित की थी।
गौरतलब है कि आरोपी गोविन्द राम के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कुल चार मामले दर्ज हैं, जो उसके लंबे समय से नशा तस्करी में लिप्त होने की पुष्टि करते हैं।
नागौर पुलिस द्वारा पिछले एक माह में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए गए अभियान में यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इस दौरान थाना कोतवाली पुलिस ने दो आलीशान मकानों के साथ-साथ दो लग्जरी वाहनों को भी फ्रीज कराया है, जो अवैध कमाई से खरीदे गए थे।
पुलिस अधीक्षक रोशन मीणा ने स्पष्ट किया है कि जिले को नशा मुक्त बनाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा और नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि समाज को खोखला करने वाले ऐसे अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
नागौर पुलिस की इस कार्रवाई को आमजन में सराहना मिल रही है और इसे नशा तस्करों के खिलाफ एक सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
