‘नंद घर आनंद भयो’ के जयकारों से गूंजा परिसर, भजनों की धुन पर जमकर झूमीं महिलाएं
नीरज मीणा
मंडावर।स्मार्ट हलचल/शहर के गांधी चौक स्थित प्राचीन गोपाल जी मंदिर में गुरुवार को नंदोत्सव का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। श्री गोपाल जी महिला मंडल के तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक उत्सव में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्रीकृष्ण और राधा रानी के विशेष पूजन-अर्चन और आरती के साथ हुई। इसके बाद महिला मंडल द्वारा आयोजित संकीर्तन में ‘नंद घर आनंद भयो जय कन्हैया लाल की’, ‘यशोदा जायो ललना’ और ‘बधाई बाजे नंद महल में’ जैसे पारंपरिक बधाई गीतों और भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं। भजनों की मधुर धुनों पर महिला भक्तगण भावविभोर होकर राधा-कृष्ण की प्रतिमा के समक्ष जमकर झूमीं और नृत्य किया। उत्सव के दौरान पूरे मंदिर परिसर को आकर्षक फूलों और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया था। नंदोत्सव की खुशी में मंदिर में मौजूद श्रद्धालुओं को बधाई स्वरूप माखन-मिश्री, फल और मिठाइयों का प्रसाद वितरित किया गया।
मंदिर महंत बृजमोहन दास शर्मा ने बताया कि श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में हर वर्ष महिला मंडल द्वारा नंदोत्सव का पारंपरिक आयोजन किया जाता है। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में आपसी सद्भाव, सकारात्मक ऊर्जा और भक्ति भावना का संचार होता है। कार्यक्रम के समापन पर ठाकुर जी को 56 भोग अर्पित कर महाआरती की गई और सभी भक्तों को चरणामृत व पंजीरी का प्रसाद बांटा गया।इस अवसर पर स्थानीय महिलाएं और श्रद्धालु मौजूद रहे।