‌धर्मनगरी कोटा में गणिनी आर्यिका स्वस्ति भूषण माताजी का मंगल प्रवेश

12 नवंबर को विज्ञान नगर में होगी भव्य अगवानी, 15 नवंबर को शुभकामना परिवार का राष्ट्रीय अधिवेशन,
16 से 21 नवंबर तक 108 मंडलों में सजेगा सिद्धचक्र महामंडल विधान

कोटा। स्मार्ट हलचल|धर्मनगरी कोटा में जैन धर्म, अध्यात्म और गुरु भक्ति की अनुपम छटा बिखरने लगी है। भारत गौरव, तीर्थ संवर्धिका, स्वस्तिधाम प्रणेत्री, श्रुत वाग्मी एवं परम विदुषी लेखिका गणिनी आर्यिका 105 श्री स्वस्ति भूषण माताजी ससंघ के मंगल आगमन से श्रद्धालुओं में उत्साह और उल्लास का संचार हो गया। केशोरायपाटन से बिहार करते हुए कोटा पधारीं माताजी ने गुरुवार सुबह 8 बजे कोटा जंक्शन स्थित श्री 1008 सहस्त्रफणी पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर में मंगल प्रवेश किया। उनके आगमन पर श्रद्धालुओं ने श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ धर्मलाभ प्राप्त किया। 12 नवंबर को विज्ञान नगर स्थित जैन मंदिर में माताजी की भव्य अगवानी की जाएगी।
महामंत्री अनिल ठौरा एवं कार्याध्यक्ष रितेश सेठी ने बताया कि मंगल प्रवेश के अवसर पर माताजी के दीक्षा गुरु राष्ट्रऋषि, सिंह रथ प्रवर्तक एवं त्रिलोकतीर्थ प्रणेता परम पूज्य आचार्य श्री 108 विद्याभूषण सन्मति सागर जी गुरुदेव की जन्म जयंती श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ मनाई गई। गुरुदेव के पूजन-अर्चन के साथ श्रद्धालुओं ने उनके तप, त्याग और साधनामय जीवन का स्मरण किया। इस अवसर पर माताजी ने अपने मंगल प्रवचनों में गुरु के पुण्यमय जीवन और आध्यात्मिक योगदान का वर्णन करते हुए गुरु भक्ति के महत्व को रेखांकित किया। उनके प्रवचनों से वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा और श्रद्धा से सराबोर हो गया।

आहारचर्या एवं सामायिक के पश्चात माताजी का दोपहर 3:30 बजे के बाद बल्लभबाड़ी स्थित दिगंबर जैन मंदिर के लिए विहार प्रस्तावित है।

12 वर्ष बाद विज्ञान नगर में होगा माताजी का मंगल आगमन

शुभकामना परिवार के संरक्षक राजमल पाटोदी ने बताया कि गणिनी आर्यिका श्री स्वस्ति भूषण माताजी का वर्ष 2012 में विज्ञान नगर स्थित जैन मंदिर में चातुर्मास संपन्न हुआ था। इसके बाद लंबे अंतराल पर उनके पुनः कोटा आगमन से जैन समाज में विशेष उत्साह है। 12 नवंबर को विज्ञान नगर जैन मंदिर में होने वाली भव्य अगवानी को लेकर श्रद्धालुओं द्वारा तैयारियां की जा रही हैं।

108 मंडलों में होगी सिद्धचक्र महामंडल विधान की आराधना

शुभकामना परिवार के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष अनिल ठौरा एवं प्रांतीय उपाध्यक्ष रितेश सेठी ने बताया कि माताजी के पावन सानिध्य में 15 नवंबर को शुभकामना परिवार का राष्ट्रीय अधिवेशन आयोजित किया जाएगा। इसके बाद 16 से 21 नवंबर तक सिद्धचक्र महामंडल विधान का भव्य आयोजन होगा। इसमें 108 मंडलों के माध्यम से विशेष पूजन, भक्ति एवं आध्यात्मिक आराधना की जाएगी। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं को धर्म, साधना और आत्मकल्याण के मार्ग पर आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने बताया कि 22 नवंबर को परम पूज्य आचार्य श्री 108 शांति सागर महाराज छाणी के 100वें आचार्य पदारोहण दिवस महोत्सव का शुभारंभ किया जाएगा। यह ऐतिहासिक महोत्सव देशभर में वर्षभर विभिन्न धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजनों के माध्यम से मनाया जाएगा।
माताजी के मंगल प्रवेश और आगामी धार्मिक आयोजनों को लेकर कोटा में जैन समाज के बीच विशेष उत्साह का वातावरण है। शुभकामना परिवार एवं सकल दिगंबर जैन समाज के सदस्य आयोजन को भव्य और सफल बनाने में जुटे हैं।