शाहपुरा, मूलचन्द पेसवानी
स्मार्ट हलचल।शाहपुरा पंचायत समिति की अरनिया घोड़ा ग्राम पंचायत के नारायणपुरा पटवार हलका क्षेत्र की लगभग 25 बीघा चरागाह व बिलानाम भूमि पर निकटवर्ती मेवदा के ग्रामीणों ने कब्जा कर उस भूमि पर अवैध रूप् से तालाब का निर्माण कर इसे ठेके पर दे दिया है। राजस्व विभाग द्वारा गिरदावरी में भी इसकी रिपोर्ट नहीं करने पर मंगलवार को नारायणपुरा के आक्रोशित ग्रामीणों ने तहसीलदार कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया तथा पांच घंटे का इंतजार करने के बाद देर सांय तहसीलदार के आने पर उनको ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने नारायणपुरा की भूमि को अतिक्रमण से मुक्त नहीं कराने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
पूर्व पार्षद भगवान सिंह यादव, महेंद्र कुमावत, गजराज कुमावत, गणेश गाडरी, गोपाल, भागचंद कुमावत, शिवराज, भेरूलाल भील, नारायण कुमावत, नाना गाडरी, भेरू नाथ, खाना गाडरी की अगुवाई में शाहपुरा पहुंचे नारायणपुरा के ग्रामीणों ने तहसीलदार भवंराज परिहार को दिये ज्ञापन में कहा है कि नारायणपुरा की चरागाह भूमि खसरा संख्या 411, 412, 413, 414, 415, 416, 420, 421, 422, 423 तथा बिलानाम खसरा संख्या 424, 425, 426, 427, 428, 429, में निकटवर्ती मेवदा के कतिपय प्रभावशाली लोगों ने पहले अतिक्रमण कर उस भूमि पर अवैध तरीके से तालाब का निर्माण कराकर उसे किसी बाहरी को ठेके पर दे दिया है।
इससे नारायणपुरा के ग्रामीणों के पशु चरने से वंचित हो रहे है। तथा ग्रामीणों को अपने पशु चराने के लिए मारे मारे फिरने को मजबूर होना पड़ रहा है। तहसीलदार को ज्ञापन देकर अतिक्रमण को हटाने, चरागाह व बिलानाम भूमि का सीमा ज्ञान करा कर नारायणपुरा के ग्रामीणों को पशुओं को चराने के लिए सौंपने की मांग की है। ज्ञापन में कहा गया है कि ऐसा न होने पर ग्रामीण आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
तहसीलदार परिहार ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि मामले की जांच करा कर कार्रवाई के निर्देश गिरदावर को दिये है।
