नारी सशक्तिकरण एवं महिला कल्याण को समर्पित नारी चौपाल में शाहपुरा विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने की सहभागिता

बनेड़ा – पंचायत समिति.क्षेत्र की डाबला ग्राम पंचायत मुख्यालय पर शुक्रवार को आयोजित नारी चौपाल एवं नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम में शाहपुरा विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने सहभागिता कर क्षेत्र की मातृशक्ति एवं बहनों से आत्मीय संवाद किया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों, सरकारी योजनाओं एवं सामाजिक विकास में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. बैरवा ने कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण केवल परिवार ही नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के समग्र विकास की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिला सम्मान, सुरक्षा, शिक्षा एवं आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए अनेक ऐतिहासिक एवं जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ देश की करोड़ों महिलाएं प्राप्त कर रही हैं।

नारी चौपाल के दौरान महिला सशक्तिकरण, बालिका शिक्षा, महिला सुरक्षा, स्वास्थ्य, स्वावलंबन तथा केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। उपस्थित महिलाओं को योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने तथा समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में विधायक डॉ. बैरवा ने उपस्थित बहनों से सुझाव प्राप्त किए तथा उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित समाधान एवं आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी दिए।

डॉ. बैरवा ने कहा कि सरकार महिलाओं के सामाजिक, आर्थिक एवं शैक्षणिक उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है तथा प्रत्येक महिला को सम्मानजनक जीवन एवं समान अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सशक्त महिलाएं ही आत्मनिर्भर परिवार, समृद्ध समाज और विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

कार्यक्रम में रायला मंडल अध्यक्ष परमेश्वर पारीक, एस डी एम बाबू लाल , प्रशासक प्रद्युम्न सिंह , विजेंद्र सिंह राठौड़ , कैलाश धाकड़, कैलाश सिंह , ग्रामीण मंडल अध्यक्ष जीवराज गुर्जर, बालाराम खारोल, दया शंकर , विट्ठल शर्मा, रामप्रसाद गुर्जर, आदि जनप्रतिनिधियों, विभागीय अधिकारियों, महिला कार्यकर्ताओं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाओं की उपस्थिति रही।