नेहरू जयंती पर ब्यावर में गूंजेगा राष्ट्र निर्माण का संदेश, स्मारक पर जुटेंगे कांग्रेसजन

कल सुबह 10:30 बजे नगर परिषद परिसर में होगा पुष्पांजलि कार्यक्रम, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने तैयारियां कीं

अनिल कुमार खींची

ब्यावर । स्मार्ट हलचल।देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की 137वीं जयंती पर 14 नवंबर को ब्यावर में श्रद्धा और सम्मान के साथ बाल दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की ओर से नगर परिषद परिसर स्थित नेहरू स्मारक पर सुबह 10:30 बजे श्रद्धांजलि सभा एवं पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष एडवोकेट अजय शर्मा ने बताया कि स्वतंत्रता संग्राम से लेकर आधुनिक भारत के निर्माण तक पंडित नेहरू का योगदान ऐतिहासिक रहा है। लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता और वैज्ञानिक सोच को मजबूत आधार देने में उनकी भूमिका सदैव याद की जाएगी। बच्चों के प्रति उनके विशेष लगाव के कारण ही उनकी जयंती बाल दिवस के रूप में मनाई जाती है।

उन्होंने कहा कि नेहरू जयंती उनके विचारों और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को याद करने का अवसर है। कार्यक्रम में कांग्रेसजन नेहरू स्मारक पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि देंगे।

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता वृतंजय आर्य ने पूर्व विधायक, कांग्रेस प्रत्याशी, नगर कांग्रेस अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, अग्रिम संगठनों के पदाधिकारी, विभिन्न प्रकोष्ठों के जिला अध्यक्ष, पार्षद, पूर्व पार्षद एवं समस्त कांग्रेस कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम में अधिकाधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।