Homeभीलवाड़ानेशनल हाईवे 48 पर भीषण हादसा:सात वाहन भिड़े,ट्रक चालक की दर्दनाक मौत,पांच...

नेशनल हाईवे 48 पर भीषण हादसा:सात वाहन भिड़े,ट्रक चालक की दर्दनाक मौत,पांच घायल

मुकेश खटीक
मंगरोप।भीलवाड़ा-चित्तौड़गढ़ नेशनल हाईवे 48 मंगलवार को दोपहर भीषण हादसे का गवाह बना। आरएसडब्ल्यूएम फैक्ट्री के सामने अचानक मिनी बस का टायर फटने से शुरू हुआ घटनाक्रम देखते ही देखते बड़ा हादसा बन गया। सात वाहन आपस में भिड़ गए, एक ट्रक चालक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हुए। हादसे के बाद हाईवे पर करीब तीन किलोमीटर लंबा जाम लग गया और यातायात डेढ़ से दो घंटे तक पूरी तरह प्रभावित रहा।
हमीरगढ़ थाना प्रभारी राजूराम काला ने बताया कि दोपहर करीब 2:20 बजे चित्तौड़गढ़ से भीलवाड़ा की ओर जा रही एक मिनी बस का टायर अचानक फट गया। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को सड़क किनारे खड़ा किया। तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे कंटेनर चालक ने जोर से ब्रेक मारे। संतुलन बिगड़ने पर कंटेनर का अगला हिस्सा सर्विस रोड पर और आधा हिस्सा मुख्य हाईवे पर लटक गया।सूचना मिलते ही थाना प्रभारी काला स्वयं स्वरूपगंज के निकट से मय जाप्ता मौके पर पहुंचे। जाम लगने के कारण पुलिसकर्मियों को लगभग एक किलोमीटर तक पैदल दौड़कर घटनास्थल तक पहुंचना पड़ा। क्रेन की मदद से कंटेनर को हटाने का प्रयास किया जा रहा था कि अचानक पीछे से तेज रफ्तार ट्रेलर आकर कंटेनर के पिछले हिस्से में जा भिड़ा।इस भिड़ंत में ट्रेलर चालक हंसराज तेली (30) पुत्र राजेंद्र तेली, निवासी इंद्रा कॉलोनी, देवल्या कलां (जिला अजमेर) केबिन में बुरी तरह फंस गया। पुलिस, जाप्ता और ग्रामीणों ने लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।ट्रेलर की टक्कर से अचानक ब्रेक लगे और पीछे से आ रहे चार अन्य वाहन भी एक-दूसरे से टकरा गए। देखते ही देखते सात वाहन इस भीषण हादसे का शिकार हो गए। हादसे में पांच लोग घायल हुए, जिन्हें हमीरगढ़ के राजकीय अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को छुट्टी दे दी गई।हादसे के बाद हाईवे पर करीब तीन किलोमीटर लंबा जाम लग गया। घटनास्थल पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस ने तुरंत क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहनों को किनारे हटवाया और लगभग डेढ़ से दो घंटे की मशक्कत के बाद यातायात सुचारू कराया।घटना स्थल पर अचानक हुए भीषण हादसे की खबर फैलते ही आसपास के क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। सड़क पर अफरातफरी का माहौल बन गया।

स्मार्ट हलचल न्यूज़ पेपर 31 जनवरी 2025, Smart Halchal News Paper 31 January 2025
स्मार्ट हलचल न्यूज़ पेपर 31 जनवरी 2025, Smart Halchal News Paper 31 January 2025
news paper logo
RELATED ARTICLES