अनिल कुमार
ब्यावर। स्मार्ट हलचल|राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार शनिवार को ब्यावर न्यायक्षेत्र में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत न्याय की उम्मीद लेकर आए सैकड़ों परिवारों के लिए राहत की सौगात लेकर आई। लोक अदालत की भावना से कार्य करते हुए कुल 1078 प्रकरणों का आपसी सहमति और राजीनामे के माध्यम से निस्तारण किया गया।
त्वरित और सुलभ न्याय का सशक्त मंच
कार्यक्रम का शुभारंभ एडीजे संख्या-2 माननीय गिरिजा भारद्वाज द्वारा फीता काटकर किया गया। उन्होंने उपस्थित पक्षकारों को संबोधित करते हुए कहा कि लोक अदालत विवादों को जड़ से समाप्त करने का सबसे सुलभ माध्यम है। यहां न किसी की हार होती है और न किसी की जीत, बल्कि आपसी सौहार्द की जीत होती है। इससे न केवल समय की बचत होती है, बल्कि वर्षों से चल रही कानूनी प्रक्रियाओं से भी मुक्ति मिलती है।
9 बैंचों ने किया रिकॉर्ड निस्तारण
अभियान को सफल बनाने के लिए ब्यावर मुख्यालय के साथ-साथ बर, जैतारण, बिजयनगर, मसूदा और रायपुर में कुल 09 न्यायिक बैंचों का गठन किया गया था। इन बैंचों के समक्ष रखे गए मामलों में से:
न्यायालयों में लंबित: 870 मामलों का निपटारा हुआ।
प्री-लिटिगेशन स्तर: 208 मामलों को मुकदमेबाजी में जाने से पहले ही सुलझा लिया गया।
इनकी रही गरिमामय उपस्थिति
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव कमल कुमार, अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रवीण चौहान, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रवीण शंकर व सुषमा जाखड़ सहित न्यायिक जगत की कई विभूतियां मौजूद रहीं। बार संघ ब्यावर के सचिव श्याम प्रताप सिंह और वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने भी पक्षकारों के बीच मध्यस्थता कर मामलों को सुलझाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
विज्ञप्ति के अनुसार, लोक अदालत में बैंक ऋण, विद्युत एवं संचार विभाग से संबंधित विवादों और अन्य वित्तीय मामलों का भी मौके पर ही समाधान कर पक्षकारों को बड़ी राहत प्रदान की गई।
