तालुका विधिक सेवा समिति, शाहपुरा में राष्ट्रीय लोक अदालत का सफल आयोजन

शाहपुरा (भीलवाड़ा)-राजेन्द्र खटीक।

शाहपुरा-स्मार्ट हलचल|राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, भीलवाड़ा के निर्देशानुसार दिनांक 10 अक्टूबर 2026 को तालुका विधिक सेवा समिति, शाहपुरा में अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश सानिया हाशमी की अध्यक्षता में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया।
राष्ट्रीय लोक अदालत में मोटरयान दुर्घटना दावा अधिकरण (एमएसीटी), दाण्डिक शमनीय अपराध, सिविल प्रकरण, परक्राम्य लिखत अधिनियम (एन.आई. एक्ट) के प्रकरण, प्री-लिटिगेशन प्रकरण, राजीनामा योग्य यातायात चालान एवं अन्य राजीनामा योग्य प्रकरण सुनवाई हेतु रखे गए।
लोक अदालत की प्रथम बेंच में कुल 838 न्यायालय में लंबित प्रकरणों का आपसी सहमति से निस्तारण किया गया। इनमें मोटरयान दुर्घटना दावा अधिकरण (एमएसीटी) के 55 प्रकरणों में कुल 3,45,96,000/- रुपये के अवार्ड पारित किए गए। इसके अतिरिक्त बैंक एवं विद्युत विभाग से संबंधित 22 रिकवरी प्री-लिटिगेशन प्रकरणों का निस्तारण करते हुए 17,97,000/- रुपये के अवार्ड पारित किए गए।
इसी क्रम में न्यायिक मजिस्ट्रेट मनमीत सिंह मोंगा की अध्यक्षता में गठित द्वितीय बेंच द्वारा राजस्व संबंधी 12,886 प्री-लिटिगेशन प्रकरणों तथा 1,966 लंबित प्रकरणों का निस्तारण किया गया।
राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन में लोक अदालत के सदस्य मोहम्मद शरीफ, अपर लोक अभियोजक हितेश शर्मा, न्यायालय के कर्मचारीगण सुधीर उपाध्याय, दशरथ रेगर, मोहन बैरागी, नवीन महावर, गोविन्द प्रजापत एवं शिवराज धाकड़ सहित अधिवक्तागण तथा विभिन्न विभागों एवं बैंकों के अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण का सराहनीय सहयोग रहा। सभी के सामूहिक प्रयासों से राष्ट्रीय लोक अदालत का सफल आयोजन संपन्न हुआ।