सादुलपुर, (बजरंग आचार्य)-
स्मार्ट हलचल|गांव बहल निवासी सुमन श्योराण को सर्व समाज संगठन का महिला राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। यह फैसला हाल ही में कनीना (जिला महेंद्रगढ़) में हुई संगठन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया।
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सीताराम बी. जांगिड़ की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में संगठनात्मक मुद्दों पर व्यापक चर्चा के बाद, सुमन श्योराण के नाम पर मुहर लगाई गई। वह सादुलपुर तहसील के गांव हरपालू रामधन के दिवंगत मीर सिंह पीटीआई की बेटी हैं और वर्तमान में बहल में रहती हैं। उनकी नियुक्ति पाँच साल के कार्यकाल के लिए की गई है।
नवनियुक्त राष्ट्रीय उपाध्यक्ष को नियुक्ति पत्र सौंपते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष और अन्य शीर्ष पदाधिकारियों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर सुमन श्योराण ने कहा कि यह उनके लिए गौरव और जिम्मेदारी का क्षण है। उन्होंने संगठन के प्रति निष्ठा और ईमानदारी से काम करने का संकल्प लिया। उन्होंने यह भी कहा कि वह महिलाओं के सशक्तिकरण और समाज के संपूर्ण विकास को प्राथमिकता देंगी।
इस घोषणा के बाद सादुलपुर और बहल क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर है। उन्हें लगातार बधाई संदेश मिल रहे हैं और सोशल मीडिया पर भी शुभकामनाओं का तांता लगा हुआ है।