सीमेन्ट श्रमिकों का देशव्यापी धरना प्रदर्शन 21 को नई दिल्ली में

चित्तौड़गढ़ 20 सितम्बर। स्मार्ट हलचल|अखिल भारतीय सीमेन्ट मजदूर महासंघ के आह्वान पर 21 सितम्बर को नई दिल्ली के जन्तर-मंतर पर देशव्यापी धरना प्रदर्शन होगा जिसमें देशभर के विभिन्न राज्यों के सीमेन्ट उद्योगों में कार्यरत श्रमिक इसमें सम्मिलित होंगे। सीमेन्ट महासंघ के प्रभारी गोपाल सिंह चौहान, अध्यक्ष रतनलाल शर्मा, महामंत्री शंकर सिंह लगेत के नेतृत्व में राजस्थान प्रदेश से श्रमिक दिल्ली रवाना होंगे।
राजस्थान सीमेन्ट महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि चित्तौड़गढ़ से आदित्य सीमेन्ट, शम्भूपुरा, बिरला चंदेरिया सीमेन्ट अल्ट्राटेक सीमेन्ट पिण्डवाड़ा, जेके लक्ष्मी पिंडवाड़ा, त्रिनेत्र सीमेन्ट बांसवाड़ा, अल्ट्राटेक कोटपुतली, बांगड़ सीमेन्ट रास अंबुजा सीमेन्ट राबड़ियावास श्रीसीमेन्ट अंधेरी बिड़ला व्हाईट खारियाखंगार सीमेन्ट प्लांटों से अपनी पाँच प्रमुख मांगों को लेकर सीएमए के खिलाफ एक दिवसीय धरना प्रदर्शन करेंगे।
महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि राजस्थान प्रदेश से सैकड़ों की संख्या में जंतर मंतर पर मौजूद रहेंगे तथा अपनी मुख्य मांगों पर सरकार का ध्यान आकर्षित करेंगे। सीमेन्ट श्रमिकों की मुख्य मांगों में सीमेन्ट उद्योग के कर्मचारियों को वेज बोर्ड में शामिल कर स्थायी किये जाने, सीमेन्ट निर्माता संघ और महासंघ के बीच जल्द समझौता कर उसे कर्मचारियों पर लागू किया जाने, ठेका प्रथा बंद कर ठेका कर्मचारियों को स्थायी करने की प्रक्रिया शुरू की जाने, सीमेन्ट निर्माण संघ के साथ होने वाले समझौते में ठेका कर्मचारियों को भी शामिल किया जाने सहित सभी सीमेन्ट उद्योगों में सेवानिवृत्ति की आयु 60 वर्ष की जाने की मांग मुख्य रहेगी।