नवरात्रा पर सजे घाटी वाले भैरूनाथ:नौ दिन होती है विशेष पूजा अर्चना,इन दिनों लाखों श्रद्धालु पहुंचते है दर्शन को

मंगरोप@मुकेश खटीक।हमीरगढ़ उपखण्ड क्षेत्र के बराटिया गांव में स्थित प्रसिद्ध धार्मिक एवं लाखों लोगों की आस्था के केंद्र घाटी वाले भैरूनाथ मंदिर में नवरात्रा पर्व के अवसर पर विशेष श्रृंगार कर भव्य सजावट की गई।मंदिर परिसर को आकर्षक फूलों,रंग-बिरंगी लाइटों एवं पारंपरिक सजावट से सजाया गया।जिससे पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बन गया।नवरात्रा के पावन दिनों में भैरूनाथ की विशेष पूजा-अर्चना होती है।पुजारी द्वारा विधिवत आरती एवं भोग लगाया गया।इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और भगवान भैरूनाथ के दर्शन कर सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।मंदिर में सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा।दूर-दराज के गांवों से भी श्रद्धालु परिवार सहित यहां पहुंचे।महाआरती के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया।नवरात्रा के दौरान यहां प्रतिदिन विशेष पूजा-अर्चना एवं धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।घाटी वाले भैरूनाथ मंदिर क्षेत्र में वर्षों से लोगों की अटूट आस्था का केंद्र बना हुआ है,जहां हर साल नवरात्रा पर विशेष आयोजन होते हैं और बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।