शिवराज बारवाल मीना
टोंक/अलीगढ़। स्मार्ट हलचल|अलीगढ़ से खोहल्या के बीच बन रही गलवा पुलिया के निर्माण कार्य में गंभीर लापरवाही सामने आई है।सार्वजनिक निर्माण विभाग की निर्माण एजेंसी द्वारा सड़क के दोनों ओर मिट्टी डालकर रास्ता बंद कर दिया गया, लेकिन न तो कोई चेतावनी संकेतक बोर्ड लगाए गए और न ही रिफ्लेक्टर की व्यवस्था की गई। इससे आमजन और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पुलिया निर्माण स्थल पर सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा लगातार बना हुआ है। खासकर रात के समय स्थिति और भी ज्यादा खतरनाक हो जाती है, जब बिना संकेतक के बंद सड़क नजर नहीं आती।
ग्रामीणों ने बताया कि यह मार्ग करीब 100 से अधिक गांवों को जोड़ता है और प्रतिदिन हजारों वाहन यहां से गुजरते हैं। लोगों को साइड में खेतों से निकलना पड़ता हैं। वहीं अलीगढ़ से सुरेली तक रोड भी जगह-जगह से उखड़कर गहरे गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। इसके बावजूद निर्माण कार्य के दौरान वैकल्पिक मार्ग की कोई व्यवस्था नहीं की गई, जिससे लोगों को लंबा चक्कर लगाकर गंतव्य तक पहुंचना पड़ रहा है। गौरतलब है कि पिछले वर्ष बरसात के दौरान भी इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया था। ऐसे में इस बार भी यदि समय रहते उचित प्रबंध नहीं किए गए तो आगामी बारिश में हालात और बिगड़ सकते हैं। ग्रामीणों और वाहन चालकों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द निर्माण स्थल पर संकेतक बोर्ड, रिफ्लेक्टर और सुरक्षा इंतजाम किए जाएं, साथ ही वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था कर आमजन को राहत दी जाए।
