चिकित्सकों और स्टॉफ की कमी से ग्रामीण व मरीज परेशान, स्वास्थ्य सेवाओं पर उठे सवाल
शिवराज बारवाल मीना
टोंक/बनेठा।स्मार्ट हलचल|उनियारा उपखंड क्षेत्र के बनेठा उपतहसील मुख्यालय स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में चिकित्सकों की भारी कमी के चलते स्वास्थ्य व्यवस्थाएं प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है। पांच स्वीकृत चिकित्सक पदों में से चार पद रिक्त होने के कारण अस्पताल महज एक चिकित्सक के भरोसे संचालित हो रहा है। वहीं सात में से एक कम्पाउंडर का पद भी कई महीनों से रिक्त बताया जा रहा है। ऐसे में ग्रामीणों और मरीजों को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलने को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
एक चिकित्सक पर पूरे अस्पताल की जिम्मेदारी
ग्रामीणों एवं विभागीय जानकारी के अनुसार, बनेठा सीएचसी में चिकित्सकों के अधिकांश पद खाली पड़े हैं। पांच में से चार पद रिक्त होने से एकमात्र चिकित्सक पर अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्थाओं का भार है। इसके अलावा कम्पाउंडर के पद पर भी कमी बनी हुई है। चिकित्सकों और स्टॉफ की कमी के चलते मरीजों को उपचार के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। वहीं गंभीर मरीजों को बेहतर उपचार के लिए अन्यत्र रेफर करने की स्थिति भी चिंता का विषय बनी हुई है।
अस्पताल व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों का यह है कहना
मामले को लेकर ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी उनियारा डॉ. मनीष लोधी एवं बनेठा सीएचसी अस्पताल प्रभारी डॉ. कुंदन सांवरिया से मोबाइल फोन पर बातचीत की गई। चिकित्सकों की कमी और अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर उन्होंने बताया कि स्टॉफ की कमी के संबंध में विभाग एवं शासन-प्रशासन को कई बार पत्र लिखकर अवगत करवाया जा चुका है। चिकित्सकों की नियुक्ति करना सरकार स्तर का कार्य है। विभाग की ओर से केवल मांग पत्र भेजे जा सकते हैं, जो समय-समय पर भेजे जा चुके हैं। वहीं डॉ. मनीष लोधी ने मामले में दोबारा बातचीत करने की बात कही।
रिक्त पद भरने और ड्यूटी व्यवस्था सुधारने की मांग
ग्रामीणों ने चिकित्सा विभाग से बनेठा सीएचसी में रिक्त चिकित्सक एवं कम्पाउंडर पदों को शीघ्र भरने, कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा ड्यूटी रोस्टर की प्रभावी निगरानी करने की मांग की है। इसके साथ ही अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, प्रसव संबंधी आंकड़ों और एंबुलेंस सेवाओं की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग भी उठाई है। अब सवाल यह है कि उपतहसील मुख्यालय के इस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को चार रिक्त चिकित्सक पदों से कब राहत मिलेगी? क्या ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए इसी तरह इंतजार करना पड़ेगा? अब देखना होगा कि चिकित्सा विभाग और शासन-प्रशासन इस गंभीर समस्या के समाधान के लिए कब तक ठोस कदम उठाते हैं।