मोटरा का खेड़ा स्कूल में नए कक्षा कक्ष का उद्घाटन

शिव लाल जांगिड़

लाडपुरा|स्मार्ट हलचल। मांडलगढ़ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मोटरा का खेड़ा में सोमवार को विधायक गोपाल लाल खंडेलवाल ने नवनिर्मित कक्षा कक्ष का फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया। ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में इसे एक बड़ा कदम माना जा रहा है। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने कई मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया।

बेहतर शैक्षणिक माहौल और उज्ज्वल भविष्य की नींव

समारोह को संबोधित करते हुए विधायक गोपाल लाल खंडेलवाल ने कहा कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास और उन्हें बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना उनकी पहली प्राथमिकता है। यह नवीन कक्षा कक्ष ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की नींव बनेगा। इससे बच्चों को, विशेषकर गर्मी और बारिश के मौसम में, एक सुरक्षित और सुविधायुक्त माहौल में पढ़ाई करने का अवसर मिलेगा।

ग्रामीणों से किया आत्मीय संवाद, सुनी जनसमस्याएं

कार्यक्रम के पश्चात विधायक खंडेलवाल ने ग्राम के कार्यकर्ताओं एवं आमजन से संवाद कर उनकी जनसमस्याओं को सुना और उनके त्वरित निराकरण हेतु आश्वस्त किया।

ये रहे उपस्थित: इस अवसर पर भाजपा मांडलगढ़ ग्रामीण मंडल अध्यक्ष श्याम अहीर, प्रशासक प्रतिनिधि मूलचंद रायका, निवर्तमान चेयरमैन संजय डांगी, भाजपा नेता मनोज सनाढ्य, बूथ अध्यक्ष शंकर गुर्जर, एसडीएमसी सदस्य विनोद शर्मा, लादू लाल गुर्जर और राकेश गुर्जर सहित पूरा विद्यालय परिवार व ग्रामीण उपस्थित रहे।