अल्प व मध्यम आय वर्ग को मिलेगा अपना घर; 100 प्लॉट प्रस्तावित, मुख्यालय को भेजा प्लान
भीलवाड़ा |स्मार्ट हलचल|अपने घर का सपना देखने वालों के लिए राहत भरी खबर है। राजस्थान हाउसिंग बोर्ड जल्द ही सुवाणा क्षेत्र में नई आवासीय योजना लॉन्च करने जा रहा है। योजना का प्रस्ताव तैयार कर मुख्यालय को भेज दिया गया है, जहां से स्वीकृति मिलते ही काम शुरू कर दिया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, प्रस्तावित योजना में करीब 100 प्लॉट विकसित किए जाएंगे। इन प्लॉट्स पर अलग-अलग आय वर्ग—अल्प, मध्यम और अन्य श्रेणियों के लिए आवास तैयार किए जाएंगे। योजना का उद्देश्य शहर में बढ़ती आवासीय मांग को पूरा करना और आमजन को सस्ती दरों पर मकान उपलब्ध कराना है।
मण्डल सूत्रों के अनुसार नई योजना के तहत आधुनिक सुविधाओं से युक्त कॉलोनी विकसित की जाएगी, जिसमें सड़क, पानी, बिजली और अन्य बुनियादी ढांचे पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। पूर्व में बोर्ड द्वारा विकसित योजनाओं की तर्ज पर इसे भी व्यवस्थित और आकर्षक बनाया जाएगा।
हाउसिंग बोर्ड के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि स्वीकृति मिलते ही निर्माण और विकास कार्य में तेजी लाई जाए, ताकि पात्र आवेदकों को जल्द से जल्द लाभ मिल सके।
