बिजयनगर में नवीन आयकर अधिनियम, 2025 पर संगोष्ठी आयोजित, आयकर से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर हुआ विचार-विमर्श

अनिल जांगिड़

08 जून। स्मार्ट हलचल।द इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया की प्रत्यक्ष कर समिति द्वारा आयोजित एवं आईसीएआई ब्यावर शाखा द्वारा आतिथ्य प्रदान की गई “नवीन आयकर अधिनियम, 2025” विषयक एक दिवसीय संगोष्ठी का सफल आयोजन स्वाद कॉन्फ्रेंस हॉल, बिजयनगर में किया गया। संगोष्ठी में क्षेत्र के चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।कार्यक्रम का शुभारंभ ब्यावर शाखा के अध्यक्ष सीए प्रितेश बडोला द्वारा किया गया। अपने उद्घाटन उद्बोधन में उन्होंने कहा कि नवीन आयकर अधिनियम, 2025 भारतीय कर व्यवस्था में एक महत्वपूर्ण परिवर्तन है तथा इसके प्रावधानों की गहन समझ प्रत्येक कर व्यवसायी के लिए आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ऐसे शैक्षणिक कार्यक्रम सदस्यों के ज्ञान एवं व्यावसायिक दक्षता में वृद्धि करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम में सीए जितेन्द्र पीपाड़ा ने स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों, वक्ताओं एवं प्रतिभागियों का स्वागत किया तथा इस प्रकार के ज्ञानवर्धक आयोजनों की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।

संगोष्ठी के प्रथम तकनीकी सत्र में प्रख्यात वक्ता सीए अंकित सोमानी ने “नवीन आयकर अधिनियम, 2025 : एक व्यापक दृष्टिकोण” विषय पर विस्तृत व्याख्यान दिया। उन्होंने नवीन अधिनियम की संरचना, प्रमुख परिवर्तनों, अनुपालन संबंधी आवश्यकताओं तथा करदाताओं एवं कर व्यवसायियों पर पड़ने वाले प्रभावों को सरल एवं व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से समझाया। उपस्थित सदस्यों द्वारा पूछे गए विभिन्न प्रश्नों के उत्तर भी उन्होंने विस्तारपूर्वक प्रदान किए।

कुछ आमंत्रित हितधारकों के विशेष आग्रह पर वस्तु एवं सेवा कर से संबंधित वर्तमान विवादों एवं व्यावहारिक समस्याओं पर भी विशेष चर्चा की गई। सीए अंकित सोमानी ने विभिन्न जीएसटी विवादों, नोटिसों, अपीलों एवं अनुपालन संबंधी चुनौतियों पर विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान करते हुए उपस्थित सदस्यों एवं आमंत्रित हितधारकों की जिज्ञासाओं का समाधान किया।

द्वितीय तकनीकी सत्र में सीए राजेश बाल्दी ने आय के विभिन्न शीर्षों, निर्धारण व्यवस्था, कर निर्धारण प्रक्रिया तथा नवीन आयकर अधिनियम के व्यावहारिक पहलुओं का गहन विश्लेषण प्रस्तुत किया। उनके व्याख्यान को उपस्थित सदस्यों द्वारा अत्यंत उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक बताया गया।

कार्यक्रम में सीए प्रवीण जैन, सीए नवनीत नवाल, सीए सुरेन्द्र पीपाड़ा, सीए अभिनंदन भंडारी, सीए सौरभ चौधरी, सीए श्रीराम शर्मा, सीए विनय नाहर, सीए विकास गोखरू एवं सीए सुमित उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में चार्टर्ड अकाउंटेंट्स उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि बिजयनगर के इतिहास में पहली बार आईसीएआई द्वारा नवीन आयकर अधिनियम, 2025 जैसे महत्वपूर्ण विषय पर इस स्तर की पूर्ण-दिवसीय संगोष्ठी आयोजित की गई। मुख्य रूप से चार्टर्ड अकाउंटेंट्स के लिए आयोजित इस कार्यक्रम में सदस्यों की उत्साहजनक एवं उल्लेखनीय भागीदारी रही। साथ ही कुछ आमंत्रित हितधारकों ने भी विशेष रुचि के साथ सहभागिता करते हुए नवीन कर कानून एवं जीएसटी से संबंधित विषयों पर विशेषज्ञ मार्गदर्शन प्राप्त किया। ब्यावर शाखा के पदाधिकारियों एवं प्रबंध समिति सदस्यों के संयुक्त प्रयासों से आयोजित यह संगोष्ठी क्षेत्र के चार्टर्ड अकाउंटेंट्स के लिए अत्यंत उपयोगी, ज्ञानवर्धक एवं ऐतिहासिक आयोजन सिद्ध हुई।

कार्यक्रम के समापन पर सीए प्रशांत बडजात्या ने आभार ज्ञापित किया। संगोष्ठी के पश्चात रात्रि भोज का आयोजन भी किया गया, जिसमें सदस्यों ने आपसी विचार-विमर्श कर अपने अनुभव साझा किए।