अनिल कुमार
ब्यावर | स्मार्ट हलचल|प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित करने के लिए ब्यावर जिले में ‘ग्राम रथ अभियान’ का भव्य शुभारंभ किया गया। मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित एक समारोह के दौरान विधायक शंकर सिंह रावत और जिला कलेक्टर कमल राम मीना ने संयुक्त रूप से रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
प्रशासन और जनप्रतिनिधि एक साथ
विधायक श्री रावत ने इस अवसर पर जनसेवा का संकल्प दोहराते हुए कहा कि यह रथ केवल सूचना का माध्यम नहीं, बल्कि सरकार और जनता के बीच की कड़ी हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपनी समस्याएं बिना किसी झिझक के प्रशासन के सामने रखें। वहीं, जिला कलेक्टर कमल राम मीना ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे संवेदनशीलता के साथ ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण करें।
अभियान की 5 बड़ी बातें:
15 दिवसीय दौरा: आगामी 15 दिनों तक जिले की पांचों विधानसभा क्षेत्रों में यह रथ घूमेंगे।
13 विभागों का संगम: एक साथ 13 सरकारी विभागों की महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
डिजिटल और कला का मिश्रण: एलईडी वैन के जरिए योजनाओं का प्रदर्शन होगा और कला जत्थों के माध्यम से मनोरंजन के साथ जागरूकता फैलाई जाएगी।
लाइव ट्रैकिंग: पारदर्शिता के लिए रथों की लाइव लोकेशन और फोटो-वीडियो विभागीय ऐप पर अपलोड किए जाएंगे।
सुझाव पेटी: गांव के लोग सीधे अपने सुझाव और शिकायतें रथ में रखी पेटियों में डाल सकेंगे।
अभियान के पहले दिन मंगलवार को रथ टाडगढ़, माथुवाड़ा, पिपलाज और देवपुरा-खरवा जैसे क्षेत्रों में पहुंचे। वहीं, बुधवार को रथों का काफिला मलतों की बेर, निमाज, सांगवास और मानपुरा सहित कई ग्राम पंचायतों का भ्रमण करेगा।
समारोह में अतिरिक्त जिला कलेक्टर ब्रह्मलाल जाट, एसीईओ गोपाल लाल मीणा सहित कई प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
