दिलखुश मोटीस
सावर(अजमेर)@स्मार्ट हलचल| आगामी पंचायती राज चुनावों की आहट के साथ ही सावर पंचायत समिति क्षेत्र में ग्राम पंचायतों के पुनर्गठन, पुनर्सीमांकन और नव-सृजन की प्रक्रिया तेज हो गई है। उपखंड अधिकारी सावर द्वारा जारी आधिकारिक नोटिस के अनुसार नई प्रस्तावित सूची पर आमजन से सात दिनों के भीतर आपत्तियां आमंत्रित की गई हैं। इच्छुक नागरिक अपनी आपत्तियां 5 जनवरी (सोमवार) तक तहसीलदार एवं उपखंड अधिकारी कार्यालय, सावर में प्रस्तुत कर सकते हैं।
प्रस्तावित पुनर्गठन में 20 ग्राम पंचायतों के वार्डों का नया खाका सामने आया है। इसके तहत सदारी, गोरधा, कालेड़ा कंवरजी, बाढ़ का झोपड़ा, सदारा, टांकावास, चितिवास, भाण्डावास, आलोली और आमली—इन 10 ग्राम पंचायतों में 7-7 वार्ड निर्धारित किए गए हैं। वहीं पिपलाज, गिरवरपुरा, मीणों का नयागांव, पारा और बाजटा—इन 5 पंचायतों में 9-9 वार्ड प्रस्तावित हैं।
इसी तरह कुशायता, गुलगांव और धुंधरी में 11-11 वार्ड, जबकि मेहरूकलां में 13 वार्ड तय किए गए हैं। सावर पंचायत समिति की सबसे बड़ी ग्राम पंचायत घटियाली के रूप में उभरेगी, जहां सर्वाधिक 15 वार्ड प्रस्तावित किए गए हैं।
गांवों के समावेशन की स्थिति भी स्पष्ट की गई है। कालेड़ा कंवरजी और सदारा केवल एक-एक गांव तक सीमित रहेंगी, जबकि धुंधरी भी 11 वार्डों के साथ एक ही गांव की पंचायत रहेगी। गुलगांव में सांकरिया, पारा में गणेशपुरा और मेहरूकलां में बालापुरा—इन पंचायतों में दो-दो गांव शामिल होंगे। वहीं कुशायता ग्राम पंचायत में सात गांवों के साथ 11 वार्ड प्रस्तावित हैं।
पुनर्गठन के तहत बाढ़ का झोपड़ा ग्राम पंचायत से कालाखेत गांव हटाकर गिरवरपुरा में जोड़ा गया है, जिससे गिरवरपुरा में वार्डों की संख्या 5 से बढ़कर 9 हो जाएगी। घटियाली में मुख्य गांव में 11, जसवंतपुरा में 3 और नाड़ी में 1 वार्ड का प्रस्ताव है।
जनसंख्या आंकड़ों पर नजर डालें तो कुल 176 वार्डों में भाण्डावास के वार्ड नंबर 3 (राजपुरा गांव) में सबसे कम 252 जनसंख्या, जबकि घटियाली के वार्ड नंबर 11 (नाड़ी गांव) में सबसे अधिक 957 जनसंख्या दर्ज की गई है।
इधर, पुनर्गठन को लेकर विरोध की आवाजें भी उठने लगी हैं। घटियाली पंचायत के नाड़ी गांववासियों ने दो वार्ड बनाए जाने की मांग को लेकर सावर तहसीलदार को ज्ञापन सौंपते हुए प्रस्ताव पर पुनर्विचार की मांग की है।


