गंगापुर सिटी में राजेश सैनी, वजीरपुर में बृजवाई बनीं प्रधान

गंगापुर सिटी। स्मार्ट हलचल|पंचायत समिति प्रधान पद के चुनाव में कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गंगापुर सिटी और वजीरपुर दोनों पंचायत समितियों में जीत दर्ज की है। गंगापुर सिटी पंचायत समिति में कांग्रेस प्रत्याशी राजेश कुमार सैनी 15 मत प्राप्त कर प्रधान निर्वाचित हुए। उन्होंने भाजपा समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी प्रियंका बाई जादौन को हराया, जिन्हें 4 मत मिले।

इसी प्रकार वजीरपुर पंचायत समिति में कांग्रेस प्रत्याशी बृजवाई मीणा ने 10 मत प्राप्त कर प्रधान पद पर जीत हासिल की। भाजपा प्रत्याशी गीता देवी को 5 मत मिले। गंगापुर सिटी में कांग्रेस ने स्पष्ट बहुमत के आधार पर जीत दर्ज की, जबकि वजीरपुर में बहुमत से एक सीट कम होने के बावजूद निर्दलीय सदस्यों के समर्थन से कांग्रेस अपना प्रधान बनाने में सफल रही।

समर्थकों के साथ दाखिल किए थे नामांकन

गंगापुर सिटी में राजेश कुमार सैनी ने सभापति कृष्ण कुमार गोयल, पार्षद गिरधारी लाल, हरगोविंद कटारिया, मदन पचौरी सहित कांग्रेस पदाधिकारियों और समर्थकों के साथ पंचायत समिति पहुंचकर नामांकन दाखिल किया था। वहीं, भाजपा समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी प्रियंका बाई जादौन ने वर्तमान प्रधान मंजू गुर्जर और तलावड़ा मंडल अध्यक्ष पुखराज गुर्जर सहित भाजपा पदाधिकारियों की मौजूदगी में नामांकन प्रस्तुत किया था। दोनों पंचायत समितियों में प्रधान पद पर कांग्रेस की जीत के बाद अब राजनीतिक सरगर्मियां उप प्रधान चुनाव को लेकर तेज हो गई हैं। गंगापुर सिटी पंचायत समिति में उप प्रधान पद का चुनाव शनिवार, 28 नवंबर को होगा। प्रधान पद पर जीत के बाद अब सभी की निगाहें उप प्रधान के चुनाव पर टिकी हुई हैं।