जहाजपुर विधायक मीणा ने रीठ में की रात्रि चौपाल, ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर ही किया निस्तारण

राजेन्द्र बबलू पोखरना
कोटड़ी
जहाजपुर-स्मार्ट हलचल।कोटड़ी विधायक गोपीचंद मीणा ने पंचायत समिति की ग्राम पंचायत रीठ मुख्यालय पर रात्रि चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं तथा संबन्धित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देकर कई समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण करवाया। चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने सड़क, पुलिया, पेयजल एवं अन्य विकास कार्यों से जुड़ी समस्याएं विधायक के समक्ष रखीं। विधायक मीणा ने झाड़ोल पुलिया का प्रस्ताव शीघ्र तैयार करने के निर्देश सार्वजनिक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता ऋषिकान्त बेरवा को दिए। साथ ही बरसात से पूर्व क्षेत्र की आम सड़कों पर आवश्यक पैचवर्क करवाने के भी निर्देश दिए ताकि आमजन को आवागमन में परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। उन्होने कहा कि क्षेत्र के विकास में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। विधायक मीणा ने अधिकारियों से कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी विभाग आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। ग्रामीणों ने पिछले एक वर्ष से क्षेत्र में मस्टरोल जारी नहीं होने की जानकारी पर विधायक ने गंभीर लापरवाही के लिए विकास अधिकारी व पंचायत के सचिव को तीन दिवस में नरेगा के तहत काम शुरू करने के निर्देश दिए। रात्रि चौपाल में उपखंड अधिकारी तानिया रिणवा ने ग्रामीणों की समस्याओं को तुरन्त निस्तारण करने का भरोसा दिलाया। तहसीलदार श्रीलाल मीणा, विकास अधिकारीलोकेश टांक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर भाजपा मण्डल अध्यक्ष प्रहलाद सेन ने ग्रामीणों की समस्याओं के आवेदन लेकर बारी-बारी से उपस्थित होने के साथ ही विभाग वार चर्चा के बाद विधायक मीणा को देते हुए आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए। जिला महामंत्री कन्हैयालाल जाट, पूर्व मण्डल अध्यक्ष कैलाश तिवाड़ी सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए विधायक का आभार व्यक्त किया।