खेड़ी हैवत में क्रिकेट टूर्नामेंट में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
सूरौठ।स्मार्ट हलचल।गांव खेड़ी हैवत में चल रही रात्रिकालीन क्रिकेट प्रतियोगिता के दौरान कई मैच खेले गए। मैचों में खिलाड़ियों ने खूब दमखम दिखाया। प्रतियोगिता में सबसे रोमांचक मुकाबला पूर्व सांसद डॉ . मनोज राजोरिया की कप्तानी वाली जीवन ज्योति फाउंडेशन टीम और जिला अस्पताल हिण्डौन सिटी की डॉक्टर्स टीम के बीच खेला गया। दोनों टीमों के बीच हुआ यह हाई-वोल्टेज मुकाबला आखिरी गेंद तक दर्शकों की धड़कनें बढ़ाता रहा। अंततः जीवन ज्योति फाउंडेशन की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए डॉक्टर्स टीम को मात्र 4 रन से हराकर यादगार जीत दर्ज की।
जीवन ज्योति फाउंडेशन के मीडिया प्रभारी मदन मोहन भास्कर ने बताया कि जीवन ज्योति फाउंडेशन टीम के कप्तान डॉ. मनोज राजोरिया ने अपनी टीम को बेहतरीन नेतृत्व दिया। बल्लेबाजी में संयम और गेंदबाजी में आक्रामक रणनीति अपनाते हुए उन्होंने मैच को पूरी तरह रोमांचक बनाए रखा। मैदान पर मौजूद दर्शकों ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों का तालियों और उत्साह के साथ हौसला बढ़ाया। हिण्डौन डॉक्टर्स की टीम के कप्तान डॉ. आशीष शर्मा की टीम ने शुरुआत से ही बहुत अच्छी फील्डिंग की और बैटिंग भी बहुत ही धमाकेदार की। डॉ. नंदमोहन सुमन, डॉ. अवधेश सोलंकी, डॉ. रामराज मीणा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए मैच को लगभग अपनी टीम की झोली में डाल दिया था। उनके साथ ओमी लाल, कुलदीप सिंह और अन्य खिलाड़ियों ने भी बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। विशेष रूप से डॉक्टर्स टीम की बल्लेबाजी ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और मैदान में बैठे लोग डॉक्टर्स टीम की जीत लगभग तय मान चुके थे। लेकिन मैच का असली मोड़ उस समय आया जब जीवन ज्योति फाउंडेशन के कप्तान डॉ. मनोज राजोरिया ने खुद गेंदबाजी की जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने बेहद साहसिक निर्णय लेते हुए महत्वपूर्ण ओवर डाला और शानदार लय में खेल रहे डॉ. अवधेश सोलंकी को आकाश सोलंकी के हाथों कैच आउट करवाकर मुकाबले की दिशा ही बदल दी। इस विकेट के बाद मैच का रोमांच कई गुना बढ़ गया और जीवन ज्योति फाउंडेशन की टीम ने वापसी कर ली। अंतिम ओवर में डॉक्टर्स टीम को जीत के लिए 9 रन की जरूरत थी। जैसे ही एक शानदार चौका लगा, मैदान में मौजूद दर्शकों को लगा कि अब मैच डॉक्टर टीम के पक्ष में चला जाएगा। लेकिन इसी दौरान डॉ. ओमी लाल का रन आउट होना मुकाबले का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हुआ। इस रन आउट ने डॉक्टर टीम की उम्मीदों को बड़ा झटका दिया और जीवन ज्योति फाउंडेशन की टीम ने शानदार फील्डिंग और संयम के दम पर मैच अपने नाम कर लिया। जीत के बाद कप्तान डॉ. मनोज राजोरिया ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि खेल जीत और हार से बड़ा होता है और इस प्रकार के मुकाबले आपसी भाईचारे, उत्साह और खेल भावना को मजबूत करते हैं।
जीवन ज्योति फाउंडेशन की इस शानदार जीत के बाद टीम के खिलाड़ियों और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। वहीं जिला अस्पताल की डॉक्टर्स टीम ने भी अपने बेहतरीन खेल से सभी का दिल जीत लिया। खेल प्रेमियों का कहना रहा कि यह मुकाबला लंबे समय तक क्षेत्र के क्रिकेट प्रेमियों की यादों में बना रहेगा। कॉमेंट्री विजय शर्मा और ओमप्रकाश डागुर ने की। इस दौरान डॉ. आशीष शर्मा, डॉ. नंद मोहन सुमन, डॉ. रामराज मीणा, डॉ अवदेश सोलंकी, डॉ राजकुमार गुर्जर, डॉ. कुलदीप, डॉ.सुनील गुर्जर,
डॉ रिंकू सिंह, डॉ.अमर सिंह, डॉ.ओमी लाल, नर्सिंग ऑफिसर अमित, मनोज, खरेटा ग्राम पंचायत के सरपंच भूदेव डागुर, जीवन ज्योति फाउंडेशन के संचालक ओमी भैया, समाज सेविका प्रधानाचार्या मनोज कुमारी, चरण सिंह सोलंकी, पिंटू सोलंकी, ओमप्रकाश पीटीआई, सत्य प्रकाश, मीडिया प्रभारी मदन मोहन भास्कर , शुभम शेरवाल, सत्यप्रकाश डागुर , मानवेन्द्र, जयदीप, गौतम, हरिओम, रवीन्द्र सहित अन्य खिलाड़ी और सैकड़ो लोग मौजूद रहे।
