आम्र कुंज रेजीडेंसी के लोगों का कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन, रिसॉर्ट मालिक की दादागिरी और अवैध अतिक्रमण पर कार्रवाई की मांग

पुनित चपलोत
भीलवाड़ा । शहर के 200 फीट रिंग रोड स्थित आम्र कुंज रेजिडेंसी कॉलोनी के निवासियों ने सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय पर प्रदर्शन कर पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर कॉलोनी में हो रहे अतिक्रमण और ‘होटल ब्लिस रिसॉर्ट’ द्वारा फैलाई जा रही अव्यवस्था व मनमानी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। 300-350 मकानों वाली इस आवासीय कॉलोनी के लोग लंबे समय से इन समस्याओं से त्रस्त हैं।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि शिव प्रकाश टेलर द्वारा कॉलोनी के सार्वजनिक स्थान पर अवैध कब्जा कर लिया गया है। इसके अलावा, होटल ब्लिस रिसॉर्ट ने कॉलोनी के रास्ते में अपना अवैध गेट निकाल लिया है, जिसके चलते वहां हमेशा गाड़ियां खड़ी रहती हैं और रास्ता जाम रहने से निवासियों को भारी परेशानी होती है। होटल मालिक ने 40 फीट रोड पर अवैध रूप से कचरे का टैंक बना दिया है, जिसमें झूठे पत्तल और गंदगी फेंकी जाती है। इसकी भयंकर बदबू से कॉलोनीवासियों का रहना दुश्वार हो गया है और प्लास्टिक व गंदगी खाकर कई गायों की मौत भी हो चुकी है। विरोध करने पर होटल मालिक खुद को गुंडा बताकर निवासियों से गाली-गलौज करता है और डराता-धमकाता है।

कॉलोनीवासियों ने यह भी बताया कि रिसॉर्ट में देर रात तक तेज आवाज में डीजे बजता है और आतिशबाजी होती है, जिससे घरों में आग लगने का खतरा बना रहता है। तेज आवाज के कारण बच्चों की परीक्षाओं की पढ़ाई भी बुरी तरह बाधित हो रही है। साथ ही भूखंड संख्या ए-34 व ए-35 के बीच सार्वजनिक जगह पर भी अवैध निर्माण कर रास्ता और कचरापात्र बना दिया गया है। कॉलोनी के लोगों ने एसपी से जल्द से जल्द अतिक्रमण हटवाने और शांति भंग करने वालों पर कार्रवाई की गुहार लगाई है।