निम्बाहेड़ा: हज़रत रोशन अली बाबा का 65वां उर्स 28 अप्रैल से, चार दिन सजेगी महफिल

निम्बाहेड़ा, स्मार्ट हलचल। कौमी एकता, भाईचारे और सूफी परंपरा के प्रतीक हज़रत रोशन अली बाबा साहब का 65वां उर्स मुबारक आगामी 28 अप्रैल से पूरी अकीदत और हर्षोल्लास के साथ शुरू होने जा रहा है। उर्स के चार दिवसीय कार्यक्रमों को लेकर बुधवार को उर्स कमेटी कार्यालय में एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें आयोजन को भव्य एवं सुव्यवस्थित रूप से मनाने पर विस्तार से चर्चा कर रूपरेखा को अंतिम रूप दिया गया।

कुरआन ख्वानी और चादर शरीफ के जुलूस से शुरुआत

उर्स कमेटी के सदर सादिक हुसैन ने बताया कि उर्स का बाकायदा आगाज़ 28 अप्रैल को फजर की नमाज़ के बाद कुरआन ख्वानी से होगा। इसी दिन शाम 4 बजे बस स्टैंड स्थित हज़रत केली वाले बाबा साहब के आस्ताने से चादर शरीफ का भव्य जुलूस निकाला जाएगा, जो शहर के मुख्य मार्गों से होता हुआ दरगाह पहुंचेगा। जुलूस के बाद मदरसे के बच्चों के लिए विभिन्न दीनी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।

दो दिन गूंजेंगे सूफियाना कलाम, ये कव्वाल देंगे प्रस्तुति

  • 29 अप्रैल (बुधवार): ईशा की नमाज़ के बाद महफिल-ए-कव्वाली का आयोजन होगा। इसमें उज्जैन के पगड़ीबंद कव्वाल लोकेश जीवन साबरी कार्यक्रम का आगाज़ करेंगे, जिसके बाद भोपाल के मशहूर कव्वाल हाजी मुकर्रम अली वारसी अपने सूफियाना कलाम पेश करेंगे।
  • 30 अप्रैल (गुरुवार): इस दिन दिल्ली के प्रसिद्ध कव्वाल आमिर आरिफ साबरी अपनी शानदार कव्वालियों से अकीदतमंदों के बीच समां बांधेंगे।

रंग की महफिल और लंगर के साथ समापन

1 मई (शुक्रवार) को जुहर की नमाज़ के बाद महफिल-ए-रंग का आयोजन किया जाएगा, जिसमें लोकेश जीवन साबरी और आमिर आरिफ साबरी संयुक्त रूप से ‘रंग’ पेश करेंगे। इसके पश्चात ‘कुल’ की रस्म अदायगी के साथ उर्स का विधिवत समापन होगा तथा अंजुमन जमात खाना में आम लंगर वितरित किया जाएगा।

बैठक में बांटी गईं जिम्मेदारियां

उर्स कमेटी के संयोजक मोहम्मद फारूक निज़ामी ने बताया कि आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी कमेटी सदस्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। बुधवार को हुई इस बैठक में सचिव मतलूब अजमेरी, कोषाध्यक्ष अयाज़ अहमद खान, नायब सदर जाकिर हुसैन खान, साकिब छिपा, भूरू मेव, तनवीर अली, अयाज़, साहिल, अमीरउल्ला खान, मोहसिन खान, आजाद गौरी और फिरोज मंसूरी सहित कमेटी के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।