कल्याणी फाउंडेशन की पहल – नौ रंग, नौ भाव और एक उत्सव ‘नवरागिनी’ में थिरके कामकाजी महिलाओं के कदम

डांडिया, गरबा और भक्ति के रंगों से सराबोर हुआ आयोजन, विभिन्न श्रेणियों में महिलाओं को किया सम्मानित*

पुनित चपलोत
भीलवाड़ा |स्मार्ट हलचल|महिलाओं को उनकी दैनिक व्यस्तताओं, संघर्षों और जिम्मेदारियों के बीच भारतीय संस्कृति, परंपराओं और भक्ति से जुड़ने का अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से कल्याणी फाउंडेशन की ओर से नवरात्रि के पावन पर्व पर ‘नवरागिनी’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ‘नौ रंग, नौ भाव और एक उत्सव’ की थीम पर आरसी व्यास कॉलोनी स्थित भिक्षु विहार में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कामकाजी महिलाओं और गृहिणियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पारंपरिक डांडिया और गरबा नृत्य की प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को उमंग, उत्साह और भक्तिमय ऊर्जा से भर दिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ऑटोमोबाइल व्यवसायी कृष्णा राठी, समाजसेवी कैलाश सोनी एवं वंदना सोनी तथा शैक्षणिक क्षेत्र से जुड़े पीयूष सोनी और प्राची सोनी उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि एवं निर्णायक के रूप में हर्बल एवं ऑर्गेनिक उत्पाद निर्माता प्रियंका मित्तल और इमिटेशन ज्वैलरी व्यवसायी ऋतु रामचंदानी ने सहभागिता की। कार्यक्रम की अध्यक्षता कल्याणी फाउंडेशन की अध्यक्ष दिव्या बोरदिया ने की।

अपने दैनिक जीवन में व्यापार, प्रोफेशन, नौकरी और सामाजिक क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहने वाली महिलाओं को मानसिक सुकून, सकारात्मक ऊर्जा और सांस्कृतिक जुड़ाव का अनुभव कराने के उद्देश्य से कल्याणी फाउंडेशन ने इस आयोजन की पहल की। कार्यक्रम में महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में डांडिया राउंड, ओपन गरबा राउंड, फ्री स्टाइल नृत्य और बंगड़ी जैसी गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। संगीत, नृत्य और भक्ति के संगम ने महिलाओं को अपनी दिनचर्या की थकान भुलाकर आनंद और उमंग के साथ उत्सव मनाने का अवसर दिया। कार्यक्रम का सफल संचालन स्वाति बंब और प्रीति सिंगावत ने किया।

*नवरागिनी में लगी पुरस्कारों की झड़ी, विभिन्न श्रेणियों में किया सम्मान*

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। बेस्ट डांडिया नेहा लोढ़ा, बेस्ट गरबा अभिलाषा व्यास तथा बेस्ट जोड़ी अवॉर्ड राधा अग्रवाल और एंजल व्यास को प्रदान किया गया। इसी क्रम में बेस्ट मेकअप दीपिका सोनी, बेस्ट आउटफिट मुस्कान नेबानी, बेस्ट ज्वैलरी डिंपल सोनी और बेस्ट हेयरस्टाइल अवॉर्ड कंगना हरचंदानी को दिया गया। कल्याणी ऐप क्विज की विजेता सुमन पाराशर रहीं। अर्ली रजिस्ट्रेशन लकी ड्रॉ में प्रिया मेडतवाल जबकि अर्ली बर्ड्स लकी ड्रॉ में चित्रा शर्मा और प्रीति सिंगावत विजेता रहीं। सोशल मीडिया प्रोमो लकी ड्रॉ में मोनिका नैनावटी और पायल दमानी को विजेता घोषित किया गया।