पंचायतीराज मंत्री मदन दिलावर के स्वच्छ पंचायत की पंचायत के जिम्मेदार नहीं कर रहे सुनवाई
लाखेरी – स्मार्ट हलचल।उपखंड के देईखेड़ा क्षेत्र की ग्राम पंचायत मुख्यालय गुहाटा के ग्रामीणों ने गांव की मुख्य सड़क पर हो रहे अतिक्रमण, जल निकासी की समस्या और सड़क की खराब हालत को लेकर उपखंड अधिकारी सुरेन्द्र चौधरी को ज्ञापन सौंपकर समस्या के समाधान नही होने पर पंचायत भवन के तालाबन्दी की चेतावनी दी। ग्रामीणों ने बताया कि गांव मुख्य मार्ग पर अतिक्रमण से सड़क संकरी हो गई है, जिससे ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित अन्य वाहनों के आवागमन में परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क के दोनों ओर नालियां नहीं होने से घरों का पानी सड़क पर फैल जाता है, जिससे कीचड़ और गड्ढों की समस्या बनी रहती है। कई बार राहगीर और बच्चे फिसलकर चोटिल भी हो चुके हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से अतिक्रमण हटाने, सड़क के दोनों ओर नालियों का निर्माण कराने तथा गड्ढों की मरम्मत करवाने की मांग की है, ताकि आमजन को राहत मिल सके। इस दौरान उपसरपंच रघुवीर बैरागी, वार्ड पंच टिंकू मीणा, कांग्रेस नेता रामहेत मीणा, पंच लालचंद बैरवा , रामबिलास मीणा, रामेश्वर मीणा, सुरेश मीणा, मस्तराम मीणा, हेमन्त सैनी सहित अनेक ग्रामीण शामिल रहे।
*राहगीर हो रहे चोटिल, पंचायत नहीं दे रही ध्यान*
ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि कीचड़ के कारण सड़क से पैदल निकलना भी दूभर है और आए दिन ही राहगीर व बाइक सवार फिसल कर गिरने से चोटिल हो रहे है कई बार स्थानीय पंचायत को बताया परन्तु कोई सुनवाई नही हो रही है।
