22 जुलाई को मनोहरपुरा से बिना बताए निकली थी युवती, मोबाइल घर पर छोड़ सिम साथ ले गई; परिजनों को अब भी वापसी का इंतजार
अलकेश पारीक
शक्करगढ़।स्मार्ट हलचल|थाना क्षेत्र के मनोहरपुरा गांव से लापता हुई 23 वर्षीय युवती का करीब दो सप्ताह बीतने के बाद भी कोई सुराग नहीं लग पाया है। परिजनों की ओर से शक्करगढ़ थाने में गुमशुदगी दर्ज कराने के बाद पुलिस ने तलाश शुरू की थी, लेकिन 4 अगस्त तक युवती का पता नहीं चलने से पुलिस के हाथ खाली हैं।
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार मनोहरपुरा निवासी नंद भंवर गुर्जर ने बताया कि उनकी 23 वर्षीय बहन लक्ष्मी पुत्री नाथूलाल गुर्जर 22 जुलाई को घर से बिना बताए कहीं चली गई थी। परिजनों ने गांव और रिश्तेदारी में काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।
रिपोर्ट में खास बात यह भी सामने आई कि युवती अपना मोबाइल फोन घर पर छोड़ गई थी, जबकि उसमें लगी सिम निकालकर अपने साथ ले गई। कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने 23 जुलाई की शाम शक्करगढ़ पुलिस थाने पहुंचकर लिखित रिपोर्ट दी। इसके बाद पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच एएसआई सियाराम को सौंपी।
गुमशुदगी दर्ज, लेकिन तलाश अब भी जारी
गुमशुदगी दर्ज हुए भी कई दिन गुजर चुके हैं। ऐसे में युवती का अब तक पता नहीं चल पाना परिजनों की चिंता बढ़ा रहा है। परिजन लगातार उसके सकुशल लौटने की उम्मीद लगाए बैठे हैं। वहीं पुलिस के सामने भी युवती का पता लगाना चुनौती बना हुआ है।
अब बड़ा सवाल यह है कि मोबाइल घर पर छोड़कर सिम साथ ले जाने के बाद युवती कहां गई और इतने दिनों बाद भी उसका कोई सुराग क्यों नहीं मिल पाया? पुलिस की जांच और तलाश के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी
