नामांकन वापसी के पहले दिन जहाजपुर में बड़ा खेल! 8 प्रत्याशियों ने छोड़ा मैदान

कई उम्मीदवारों ने समर्थित प्रत्याशियों के पक्ष में लिया नाम वापस, वार्डों में बदले चुनावी समीकरण

अलकेश पारीक

स्मार्ट हलचल|जहाजपुर नगर पालिका चुनाव 2026 में नामांकन वापसी के साथ ही चुनावी तस्वीर तेजी से बदलने लगी है। बुधवार को नामांकन वापसी के पहले दिन 8 प्रत्याशियों ने अपने नामांकन पत्र वापस लेकर चुनावी मैदान से कदम पीछे खींच लिए। इनमें कई प्रत्याशियों ने अपने समर्थित उम्मीदवारों के पक्ष में नाम वापस लिया, जिससे संबंधित वार्डों में मुकाबले के समीकरण बदलते नजर आ रहे हैं।

निर्वाचन अधिकारी छत्रपाल सिंह चौधरी ने बताया कि नामांकन वापसी के पहले दिन विभिन्न वार्डों से कुल 8 नामांकन वापस लिए गए हैं।

जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर 2 से शंभू सिंह ने अपना नामांकन वापस लिया। वार्ड नंबर 6 से फरीदा बानू ने अपनी भतीजी सानिया खानम के समर्थन में नामांकन वापस लिया।

वहीं वार्ड नंबर 9 से देवराज माली ने भाजपा प्रत्याशी राजकुमार माली के समर्थन में, वार्ड नंबर 11 से संजू प्रजापत ने भाजपा प्रत्याशी अल्केश वैष्णव के समर्थन में तथा वार्ड नंबर 13 से भूरी देवी ने भाजपा प्रत्याशी ऐजन देवी के समर्थन में अपना नामांकन वापस ले लिया।

इसी तरह वार्ड नंबर 15 से नाजा जावेद ने निर्दलीय प्रत्याशी खुशनुमा के समर्थन में नामांकन वापस लिया। वार्ड नंबर 19 में पूजा देवी के दो निर्दलीय नामांकन पत्रों में से एक नामांकन वापस लिया गया। जबकि वार्ड नंबर 20 से शैतान सिंह ने भाजपा प्रत्याशी अशोक मीणा के समर्थन में अपना नामांकन वापस लिया।

नाम वापसी ने बढ़ाई चुनावी हलचल

नामांकन वापसी के पहले दिन ही सामने आए इन फैसलों ने जहाजपुर की चुनावी राजनीति में हलचल बढ़ा दी है। खासतौर पर जिन वार्डों में प्रत्याशियों ने किसी दूसरे उम्मीदवार के समर्थन में मैदान छोड़ा है, वहां चुनावी मुकाबले पर इसका सीधा असर पड़ सकता है।

अब सभी की नजरें नामांकन वापसी की अंतिम तारीख और उसके बाद जारी होने वाली प्रत्याशियों की अंतिम सूची पर टिकी हैं। इसके बाद ही साफ होगा कि जहाजपुर के किस वार्ड में मुकाबला आमने-सामने होगा और कहां चुनावी गणित त्रिकोणीय या बहुकोणीय रूप लेगा।

नामांकन वापसी ने साफ संकेत दे दिए हैं—जहाजपुर का चुनाव अब सिर्फ प्रचार का नहीं, बल्कि रणनीति, समर्थन और सियासी गणित का भी मुकाबला बनने जा रहा है।