सूरौठ में नगर पालिका चुनाव के लिए 49 नामांकन दाखिल

सूरौठ।स्मार्ट हलचल|नगर पालिका सूरौठ में पार्षद पद के चुनाव के लिए शनिवार को 41 लोगों ने 49 नामांकन दाखिल किए। नामांकन प्रक्रिया के दौरान तहसील कार्यालय में संभावित प्रत्याशियों, प्रस्तावकों एवं समर्थकों की काफी भीड़ रही। चुनाव लड़ने के इच्छुक लोगों ने सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक रिटर्निंग ऑफिसर प्रीति चक को नामांकन पत्र जमा कराए। इस दौरान सहायक रिटर्निंग ऑफिसर अशोक कुमार, नायब तहसीलदार हरीशंकर शर्मा, थाना प्रभारी सुमेर सिंह गुर्जर व अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। नगर पालिका चुनाव प्रभारी राजवीर सिंह डांगुर ने बताया कि शनिवार शाम तक सूरौठ नगर पालिका के 20 वार्डों में पार्षद का नामांकन भरने के लिए 225 लोगों ने तहसील कार्यालय से निर्धारित फीस जमा कराकर फार्म खरीदे। शनिवार को 41 लोगों ने 49 नामांकन दाखिल किए। 8 लोगों ने डबल नामांकन भरे। इस दौरान तहसील कार्यालय में काफी पुलिस जाब्ता तैनात रहा।