मंगरोप@मुकेश खटीक।क्षेत्र सहित आसपास के इलाकों में इन दिनों नौतपा के चलते भीषण गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है।सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है।बढ़ते तापमान से राहत पाने के लिए लोग तरह-तरह के उपाय करते नजर आ रहे हैं।कोई घरों में कूलर और पंखों का सहारा ले रहा है तो कोई ठंडे पेय पदार्थों का उपयोग कर गर्मी से बचने की कोशिश कर रहा है।
इसी बीच मंगरोप क्षेत्र के पीपली गांव से गर्मी से राहत पाने का एक अनोखा और दिलचस्प दृश्य सामने आया,जिसने लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित कर लिया।गांव में एक नन्ही बालिका भीषण गर्मी से बचने के लिए घर के बाहर चबूतरे पर पानी से भरे टब में बैठी नजर आई।तपती दोपहर में बालिका का पानी में बैठकर गर्मी से राहत पाने का यह मासूम अंदाज लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया।ग्रामीणों ने बताया कि नौतपा के दौरान क्षेत्र में तापमान लगातार बढ़ रहा है,जिससे छोटे बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।ऐसे में बच्चों के अपने तरीके से गर्मी से राहत पाने के दृश्य भी देखने को मिल रहे हैं।पीपली गांव में बालिका का टब में बैठा यह दृश्य राहगीरों और ग्रामीणों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा।
गौरतलब है कि नौतपा के चलते क्षेत्र में दोपहर के समय सड़कों पर आवाजाही भी कम हो गई है। तेज धूप और लू के कारण लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आगामी दिनों में भी गर्मी से राहत मिलने के आसार कम हैं, ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने और दोपहर के समय धूप से बचने की सलाह दी जा रही है।
