खखरेरू/स्मार्ट हलचल|फतेहपुर नगर पंचायत खखरेरू के वार्ड संख्या-1 अंबेडकर नगर स्थित सार्वजनिक पार्क पर हुए अतिक्रमण को हटाने के लिए जारी किया गया नोटिस अब तक बेअसर साबित हुआ है। नोटिस जारी होने के पांच दिन से अधिक समय बीत जाने के बावजूद न तो अतिक्रमण हटाया गया और न ही नगर पंचायत की ओर से कोई अगली कार्रवाई की गई है।
जानकारी के अनुसार, दरियामऊ मार्ग पर सड़क किनारे नगर पंचायत द्वारा यात्रियों की सुविधा के लिए एक पार्क एवं वाटर कूलर की व्यवस्था की गई है। आरोप है कि पार्क और वाटर कूलर के बीच स्थित सार्वजनिक भूमि पर एक व्यक्ति द्वारा अतिक्रमण कर लिया गया है, जिससे पार्क की उपयोगिता प्रभावित हो रही है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर पंचायत ने 31 जुलाई 2026 को संबंधित कब्जाधारक के विरुद्ध नोटिस चस्पा कर तत्काल अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए थे। हालांकि, नोटिस जारी होने के पांच दिन से अधिक समय बीत जाने के बाद भी मौके से अतिक्रमण नहीं हटाया गया है। इससे नगर पंचायत की कार्रवाई पर भी सवाल उठने लगे हैं।
इस संबंध में नगर पंचायत अधिशासी अधिकारी डॉ. हागेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि नोटिस चस्पा कर कब्जा हटाने को कहा गया है।अगर समय से कब्जा नहीं हटा तो अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।
