शाहपुरा। मूलचन्द पेसवानी
अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त ज्योतिषाचार्य पं. आचार्य योगेंद्र शर्मा ने कहा है कि नवंबर माह ग्रहों की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण रहने वाला है। इस महीने पांच प्रमुख ग्रहों की चाल बदलने से देश-दुनिया सहित मानव जीवन के हर क्षेत्र पर असर देखने को मिलेगा।
आचार्य योगेंद्र शर्मा ने बताया कि मंगलवार को देवगुरु बृहस्पति (गुरु) वक्री होकर कर्क राशि में प्रवेश करेंगे, जो आत्ममंथन, विचारों की नई दिशा और आध्यात्मिक उन्नति का संकेत है। इस परिवर्तन से शिक्षा, धर्म, और शोध कार्यों में रुचि बढ़ेगी।
उन्होंने कहा कि 16 नवंबर को सूर्य वृश्चिक राशि में गोचर करेंगे, जिससे कुछ राशियों के जातकों को नौकरी, पद-प्रतिष्ठा और मान-सम्मान में वृद्धि होगी। वहीं सोमवार को बुधदेव वक्री होकर 23 नवंबर को तुला राशि में प्रवेश करेंगे, जिससे व्यापार और वाणी से संबंधित कार्यों में सफलता प्राप्त होगी। व्यापारी वर्ग और मीडिया से जुड़े लोगों को इस अवधि में लाभ के अवसर मिलेंगे।
आचार्य शर्मा ने बताया कि महीने के अंत में 28 नवंबर को शनिदेव मार्गी होंगे, जिससे मेष, वृषभ, तुला और धनु राशि के जातकों को राहत मिलेगी तथा लंबे समय से रुके हुए कार्य पूर्ण होंगे। यह अवधि कर्मफल के सिद्धांत को मजबूत करने वाली होगी।
उन्होंने कहा कि यह महीना नए आविष्कारों, तकनीकी प्रगति और व्यापारिक गतिविधियों में तेजी लाएगा, वहीं प्राकृतिक आपदाओं, सीमाई तनाव और राजनीतिक हलचल की आशंकाएं भी बन सकती हैं।
आचार्य योगेंद्र शर्मा ने बताया कि बिहार विधानसभा चुनावों पर भी ग्रहों की यह चाल असर डालेगी। ग्रहों की स्थिति के अनुसार राजनीतिक समीकरणों में अप्रत्याशित परिवर्तन संभव है। कुल मिलाकर नवंबर का महीना परिवर्तनशील ऊर्जाओं और नए अवसरों से भरा रहेगा, जो समाज के हर वर्ग को प्रभावित करेगा।


