नरेगा JTA पर अवैध वसूली का आरोपः श्रमिकों ने कार्यस्थल पर धरना दिया, आंदोलन की चेतावनी

अविनाश मीणा | घाड़ (देवली), टोंक

स्मार्ट हलचल|देवली पंचायत समिति क्षेत्र की ग्राम पंचायत चन्दवाड़ के कल्याणपुरा गांव में नरेगा श्रमिकों ने कनिष्ठ तकनीकी सहायक (JTA) पर अवैध वसूली का गंभीर आरोप लगाया है। श्रमिकों ने इस संबंध में विकास अधिकारी को एक ज्ञापन सौंपा है।श्रमिकों ने ज्ञापन में बताया कि ग्राम चन्दवाड़ में 16 जुलाई से “सार्वजनिक नाडी निर्माण कार्य” चल रहा है। उनका आरोप है कि JTA दिनेश सैनी द्वारा इस कार्य के माप-जोख (मेज़रमेंट) के लिए प्रति पखवाड़ा ₹200 प्रति श्रमिक के हिसाब से कुल ₹10,000 की अवैध मांग की जा रही है।श्रमिकों के अनुसार, जो मजदूर पैसे देने से इनकार करते हैं, उन्हें JTA द्वारा मस्टररोल में कम दर देने और हाजिरी में नुकसान पहुँचाने की धमकी दी जाती है। इस व्यवहार से आक्रोशित श्रमिकों ने कार्यस्थल पर ही धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है।

ग्रामीणों और श्रमिकों ने प्रशासन से मांग की है कि संबंधित कार्मिक के खिलाफ तत्काल सख्त कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि आरोपी पर कार्रवाई नहीं हुई, तो वे जिला कलेक्ट्रेट पर अनिश्चितकालीन धरना और उग्र आंदोलन करेंगे।

श्रमिकों ने यह भी आरोप लगाया कि रिश्वत न देने पर उनके पिछले मस्टररोल का भुगतान कम किया गया था। खातों में भुगतान आने पर उन्हें इसका पता चला, जिससे उनमें और अधिक रोष फैल गया।

श्रमिकों ने कहा है कि वे प्रतिदिन कार्यस्थल पर धरना जारी रखेंगे और अपनी हाजिरी भी लगवाएंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अपनी मांगें पूरी न होने तक वे कार्य का बहिष्कार जारी रखेंगे। यह ज्ञापन समस्त श्रमिकों और ग्रामीणों द्वारा विकास अधिकारी, देवली को सौंपा गया है।

सूचना मिलने पर चन्दवाड़ ग्राम पंचायत के सरपंच प्रशासक प्रतिनिधि हेमराज मीणा और नरेगा सहायक (LDC) रोहित सांसी मौके पर पहुँचे। उन्होंने श्रमिकों को समझाया और पूरे काम का पूरा दाम दिलाने का भरोसा दिलाया। ग्राम पंचायत प्रशासन की ओर से श्रमिकों को सभी सुविधाएँ निशुल्क उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया गया। हालांकि, ग्राम पंचायत प्रशासन ने अवैध वसूली के आरोपों को नकारा है।