विश्व पर्यावरण दिवस पर एनएसयूआई ने किया पौधारोपण, पौधों को वृक्ष बनाने का लिया संकल्प

पर्यावरण संरक्षण के लिए युवाओं को आगे आने का किया आह्वान

चित्तौड़गढ़, स्मार्ट हलचल। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय छात्र संघ (एनएसयूआई) चित्तौड़गढ़ द्वारा जिला अध्यक्ष अल्पेश गोस्वामी के नेतृत्व में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए युवाओं को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।

इस दौरान एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने विभिन्न स्थानों पर पौधे रोपित कर पर्यावरण को स्वच्छ एवं हरित बनाने का संकल्प लिया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि केवल पौधारोपण करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि पौधों की नियमित देखभाल कर उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखना भी उतना ही आवश्यक है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष अल्पेश गोस्वामी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस तक सीमित अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सतत जिम्मेदारी है। वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों को देखते हुए युवाओं को आगे बढ़कर पर्यावरण संरक्षण के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभानी होगी।

उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक पौधारोपण और उनकी सुरक्षा के माध्यम से ही आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराया जा सकता है। एनएसयूआई हमेशा सामाजिक सरोकारों से जुड़े अभियानों में अग्रणी भूमिका निभाती रही है और भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण के लिए ऐसे कार्यक्रम जारी रहेंगे।

इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष दिव्यांशु शर्मा, अभिषेक सालवी, विधानसभा अध्यक्ष आदित्य चांवला, महाविद्यालय इकाई अध्यक्ष अविनाश आचार्य, जिला महासचिव प्रियांशु खटीक, विशाल, युवराज सिंह चौहान, रजा शेख, कार्तिक जोशी सहित एनएसयूआई के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के समापन पर सभी कार्यकर्ताओं ने “एक पौधा, एक संकल्प” के मंत्र के साथ हरित भविष्य के निर्माण हेतु निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।