खखरेरू /फतेहपुर।स्मार्ट हलचल|थाना क्षेत्र के पौली गेट स्थित सार्वजनिक स्थान पर अश्लील हरकतें करने, गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार करने के आरोप में स्थानीय पुलिस ने एक युवक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, बुधवार (29 जुलाई) की शाम करीब 7 बजे उप निरीक्षक अमित कुमार शर्मा हमराह पुलिस बल के साथ पौली गेट क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान पौली निवासी फिरोज खान पुत्र फैज मोहम्मद कथित रूप से सार्वजनिक स्थान पर अश्लील हरकतें करने लगा। आरोप है कि उसने वहां मौजूद लोगों के साथ अभद्र व्यवहार किया और अश्लील भाषा का प्रयोग किया।
पुलिस का कहना है कि आरोपी की हरकतों से मौके पर मौजूद आम लोगों, महिलाओं और बच्चों को असुविधा व शर्मिंदगी का सामना करना पड़ा, जिससे सार्वजनिक शांति एवं व्यवस्था भी प्रभावित हुई। पुलिसकर्मियों ने युवक को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना।
इसके बाद उप निरीक्षक अमित कुमार शर्मा की तहरीर पर खखरेरू थाने में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296 के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई।
थाना प्रभारी सत्यपाल सिंह ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक जांच शुरू कर दी गई है तथा जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
