अनिल कुमार
राजस्थान दिवस के अवसर पर ब्यावर जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र परिसर में वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP) प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों को प्रोत्साहन देना तथा उनके उत्पादों को एक मंच प्रदान करना था।
प्रदर्शनी में जिले के चयनित उत्पाद फेल्सपार पर आधारित एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई। इससे आगंतुकों को जिले के प्रमुख उत्पाद और उससे जुड़े उद्योग की विस्तृत जानकारी मिली। पेंटिंग, हस्तशिल्प और बुनकर उत्पादों सहित 15 से अधिक स्टॉल लगाए गए, जहां स्थानीय उत्पादों की विविधता देखने और खरीदने का अवसर मिला।
जिला कलेक्टर कमल राम मीना ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने ब्यावर के कलाकारों द्वारा बनाई जा रही पिछवाई चित्रकला की सराहना करते हुए कहा कि इसके ऑर्डर अन्य जिलों से भी प्राप्त हो रहे हैं।
कलेक्टर ने स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों को अपने उत्पादों को ई-कॉमर्स जैसे आधुनिक प्लेटफॉर्म के माध्यम से बाजार तक पहुंचाने की सलाह दी, ताकि उन्हें व्यापक पहचान मिल सके। उन्होंने आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन स्थानीय कलाकारों, हस्तशिल्पियों, बुनकरों और उद्यमियों को आगे बढ़ाने में हरसंभव सहयोग करेगा।
कलेक्टर मीना ने हस्तशिल्प, चित्रकला और बुनकर उत्पादों के स्टॉल का अवलोकन किया तथा लघु उद्योग से जुड़ी महिलाओं से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान स्थानीय कलाकारों का माला पहनाकर स्वागत भी किया गया।
प्रदर्शनी में कल्याणमल साहू, ओंकार लाल, हरि सिंह, हीरा सिंह, सत्यनारायण बालोदिया रामलाल, बाबूलाल, चमड़े के कारीगर, महेश जीनगर (जैतारण चमड़े की जूती), उद्यमी मुकेश कुमार गर्ग और समाजसेवी बलवंत सिंह भाटी सहित कई सम्मानित कलाकारों और उद्यमियों ने भाग लिया।
उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी के दौरान आगंतुकों को उद्योग विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की गई, ताकि अधिक से अधिक लोग स्वरोजगार और उद्यमिता से जुड़ सकें।
जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र ने प्रदर्शनी में पहुंचकर स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने वाले सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।
