हमीरगढ़ (अल्लाउद्दीन मंसूरी) राजस्थान सरकार के पंचायती राज विभाग द्वारा प्रदेश की पांच ग्राम पंचायतों में ऑनलाइन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (वीसी) के माध्यम से जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इस जनसुनवाई के लिए भीलवाड़ा जिले की ग्राम पंचायत ओज्याडा का चयन किया गया। जनसुनवाई की अध्यक्षता राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने की।
इस दौरान प्रशासन की ओर से उपखंड अधिकारी, तहसीलदार, विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों एवं महिलाओं ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से शिक्षा मंत्री को अवगत कराया।
जनसुनवाई में प्रमुख रूप से हमीरगढ़ नगर पालिका स्थित राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में भूगोल एवं हिंदी साहित्य विषय स्वीकृत करवाने की मांग उठाई गई। इसके अलावा प्रस्तावित उप जिला चिकित्सालय के लिए चयनित स्थान पर भी जनप्रतिनिधियों ने आपत्ति जताते हुए उपयुक्त स्थान पर अस्पताल स्थापित करने की मांग रखी। ग्राम पंचायत ओज्याडा के जोध जी का खेड़ा में पूर्व में संचालित विद्यालय की भवन क्षतिग्रस्त होने के कारण विद्यालय का अन्य विद्यालय में विलय कर दिया गया था। ग्रामीणों ने विद्यालय भवन का पुनर्निर्माण करवाकर विद्यालय को पुनः संचालित करने की मांग मंत्री के समक्ष रखी। इसके साथ ही राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय ओज्याडा की चारदीवारी निर्माण सहित क्षेत्र की अन्य विकास संबंधी समस्याओं पर भी चर्चा हुई। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। जनसुनवाई में क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि, भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता, ग्रामीण तथा बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।
