नवलसागर पर स्वच्छता, पौधारोपण एवं संगोष्ठी का हुआ आयोजन
बूंदी, 05 जून।स्मार्ट हलचल।विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर माय भारत, बूंदी के तत्वावधान में रामेष्ट युवा मंडल संस्थान, बूंदी द्वारा नवलसागर परिसर में भव्य पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में युवाओं एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत नवलसागर एवं उसके आसपास के क्षेत्र में पॉलीथीन एवं अन्य अपशिष्ट पदार्थों की सफाई से हुई। स्वयंसेवकों ने पर्यावरण को स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त बनाने का संदेश देते हुए व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया। इसके पश्चात विभिन्न प्रजातियों के पौधों का पौधारोपण किया गया। उपस्थित सभी युवाओं एवं बच्चों ने पौधों की नियमित देखभाल, संरक्षण एवं उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने का संकल्प लिया।
इसके उपरांत भारत गणेश व्यायामशाला में पर्यावरण संरक्षण विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला युवा अधिकारी अशोक कुमार ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस तक सीमित न रहकर प्रत्येक व्यक्ति की जीवनशैली का हिस्सा बनना चाहिए। उन्होंने युवाओं से जल संरक्षण, वृक्षारोपण, स्वच्छता एवं प्लास्टिक मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज के युवा यदि पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लें तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण प्रदान किया जा सकता है।
कार्यक्रम का संचालन रामेष्ट युवा मंडल संस्थान के सचिव रोहन गुर्जर द्वारा किया गया। वहीं संस्थान के अध्यक्ष शिखर पंचोली ने कार्यक्रम का प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए मंडल द्वारा किए जा रहे पर्यावरण संरक्षण, विरासत संरक्षण एवं सामाजिक कार्यों की जानकारी दी। उनके नेतृत्व में पौधारोपण अभियान को सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया।
कार्यक्रम में पूर्व वार्ड पार्षद मनीष सिसोदिया, राजस्थान पर्यटन विभाग के वरिष्ठ छायाकार नारायण मंडोवरा एवं राजेंद्र हाड़ा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने युवाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए ऐसे जनहितकारी अभियानों को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
इस अवसर पर नैतिक शर्मा, धैर्य सिंह, उत्कर्ष सिंह चौहान, राकेश, गोलू, भूपेंद्र योगी, देवेश, रुद्रांश गुर्जर, तेजस्वी मेहता सहित बड़ी संख्या में युवा एवं बच्चे उपस्थित रहे और कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय योगदान दिया।
अंत में संस्थान अध्यक्ष शिखर पंचोली ने सभी अतिथियों, स्वयंसेवकों एवं सहभागियों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण की सामूहिक शपथ एवं “एक पृथ्वी, एक संकल्प, एक भविष्य” के संदेश के साथ हुआ।
