स्मार्ट हलचल|खखरेरू फतेहपुर समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि भाजपा में केवल अत्याचार है और PDA गठबंधन नहीं जन-बंधन है। जनता 2027 में भाजपा को उत्तर प्रदेश से भगाकर सामाजिक न्याय की PDA सरकार लाएगी। उन्होंने दावा किया कि फतेहपुर जिले की सभी 6 विधानसभा सीटों पर समाजवादी पार्टी जीत दर्ज करेगी।
सपा का PDA कार्यकर्ता सम्मेलन सोमवार 02 नवंबर को फतेहपुर जिले की 243 खागा विधानसभा के रक्षपालपुर स्थित वी पैलेस में आयोजित हुआ। सम्मेलन के मुख्य अतिथि सपा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल रहे। अध्यक्षता जिला अध्यक्ष ने की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे। मंच पर सपा जिलाध्यक्ष सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। कार्यकर्ताओं ने लाल टोपी लगाकर जोरदार नारेबाजी की और प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया।
मीडिया से बात करते हुए सपा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने कहा –
भारत के संविधान को बचाना होगा तभी आजम साहब को न्याय मिल पाएगा। न्याय तभी मिल पाएगा जब उत्तर प्रदेश की सरकार जाएगी और देश की सरकार जाएगी।
UP में गठबंधन पर उन्होंने कहा कि PDA गठबंधन नहीं, ये जन-वंदन है, जन-बंधन है। जनता PDA के साथ है और रही जनता भारतीय जनता पार्टी को 2027 में भगाएगी और सामाजिक न्याय की सरकार, PDA की सरकार लाएगी और विधानसभा में यहाँ की छह विधानसभा समाजवादी पार्टी की होगी।
उन्होंने विधान परिषद चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि जनपद फतेहपुर में इलाहाबाद-झांसी क्षेत्र में भाजपा की बेईमानी के खिलाफ लड़कर डॉक्टर मोहन सिंह को जिताने का काम किया है। मैं बधाई देता हूँ। इसी ताकत से 2027 में फतेहपुर जनपद की छह की छह विधानसभा सपा के खाते में आएंगी।मीडिया के सवाल पर उन्होंने कहा कि फोकस आप पर होगा। मीडिया के लोग जब बेरोजगारों, किसानों की आवाज को बुलंद करते हैं तो ये सरकार लाठियाँ चलवाती है। आपकी भी आवाज बुलंद होगी।
उन्होंने कहा कि किसानों का सवाल है, बेरोजगारों का सवाल है, बड़ी संख्या में महिलाएं अपमानित हो रही हैं। उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था बिल्कुल बिगड़ चुकी है। सबसे बड़ा अपराध महिलाओं पर उत्तर प्रदेश में हो रहा है। इन्हीं मुद्दों को लेकर उत्तर प्रदेश में सामाजिक न्याय की सरकार बनेगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि जब-जब समाजवादी पार्टी आई है, बेटियों को पढ़ाने के लिए कन्या विद्या धन दिया गया है। बेटियां पढ़े और आगे बढ़े इसके लिए सपा सरकार ने कन्या विद्या धन दिया और उसी का नतीजा है कि आज विद्यालय में विश्वविद्यालय में लड़कियां पढ़कर टीचर और नौकरियों में जा रही हैं, IAS-PCS के कंपटीशन को तोड़ रही हैं। ये समाजवादी पार्टी की देन है, बाबासाहब डॉक्टर अंबेडकर के विचारों की देन है, जिसे नेता जी मुलायम सिंह यादव जी ने और आदरणीय अखिलेश यादव जी ने धरातल पर करके दिखाया।