मनोज खंडेलवाल
दौसा, 13 जनवरी।स्मार्ट हलचल/जिले में खुले कुएं और बोरवेल से होने वाले संभावित हादसों को रोकने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन पूरी सर्तकता के साथ निरंतर सक्रिय है। जिला कलेक्टर देवेंद्र कुमार के निर्देशन में शुरू किए गए विशेष अभियान के तहत अब तक जिलेभर में 1211 खुले बोरवेल और कुओं को ढकवाया जा चुका है।
जिला कलेक्टर ने बताया कि खुले कुएं, बोरवेल, ट्यूबवेल और अन्य जल संरचनाएं संभावित दुर्घटनाओं का कारण बन सकती हैं। इनसे बचाव और किसी भी प्रकार की अनहोनी को रोकने के उद्देश्य से जिले में एक व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत नगर परिषद आयुक्त, विकास अधिकारियों, तहसीलदारों, भू-अभिलेख निरीक्षकों, ग्राम विकास अधिकारियों और पटवारियों को उनके क्षेत्रों में स्थित सभी खुली संरचनाओं की पहचान कर उन्हें तुरंत ढकवाने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन की यह कार्यवाही आमजन की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए की जा रही है, ताकि भविष्य में ऐसी संरचनाओं से होने वाली दुर्घटनाओं को पूर्णतः रोका जा सके। साथ ही, इस अभियान के तहत संबंधित अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि खुली संरचनाओं की पहचान कर उनकी जानकारी जिला मुख्यालय को भी दी जाए।
दौसा जिले में प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे इस जागरूकता और बचाव अभियान की सराहना की जा रही है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन की इस पहल को जनहितकारी बताते हुए इसमें सक्रिय सहयोग का आश्वासन दिया है। इस अभियान से न केवल लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो रही है, बल्कि जिले में जिम्मेदारीपूर्ण नागरिकता का भी संदेश दिया जा रहा है।
प्रशासन का यह कदम जिले में सुरक्षा को नई दिशा प्रदान कर रहा है, जिससे भविष्य में हादसों को रोका जा सकेगा और क्षेत्रवासियों का जीवन सुरक्षित रहेगा।