रेलवे सुरक्षा बल की सतर्कता से आरक्षित टिकटों के अवैध व्यापार का खुलासा, रेल अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज
कोटा। पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल अंतर्गत रेलवे सुरक्षा बल द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन उपलब्ध” के तहत रेल टिकटों के अवैध व्यापार में संलिप्त एक व्यक्ति के विरुद्ध रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट कोटा द्वारा कार्रवाई की गई है।
रेलवे सुरक्षा बल के उपनिरीक्षक घनश्याम वर्मा एवं उपनिरीक्षक कप्तान सिंह मय स्टाफ टिकटों की अवैध कालाबाजारी करने वालों की धरपकड़ के दौरान न्यू कोटा स्टेशन स्थित बुकिंग एवं आरक्षण केंद्र पर निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान एक व्यक्ति को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा गया, जिसके पास एक लाइव पेपर टिकट, जिसकी कीमत 6000 रुपये थी, तथा पांच खाली आरक्षण मांग पत्र पाए गए।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम निर्मल दास उम्र 63 वर्ष, निवासी कोटा बताया। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह ग्राहकों की मांग पर न्यू कोटा आरक्षण केंद्र से आरक्षित टिकट बनवाकर उन्हें उपलब्ध कराता था।
इस संबंध में रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट कोटा पर रेल अधिनियम की धारा 143 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक घनश्याम वर्मा, रेलवे सुरक्षा बल आउट पोस्ट न्यू कोटा द्वारा की जा रही है।
रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि रेल टिकटों की कालाबाजारी एवं अवैध व्यापार के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
