समाज की संगठनात्मक एकता से ही बनेगा सशक्त और आत्मनिर्भर -समाज सत्यनारायण खारवाल

सुरज वर्मा
शाहपुरा खारवाल-स्मार्ट हलहल|खारोल समाज समिति, कोटा संभाग के अध्यक्ष सत्यनारायण खारवाल समाज के पदाधिकारियों के साथ मध्य प्रदेश के मालवा अंचल स्थित जावरा शहर में आयोजित सामाजिक कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान समाजसेवी स्वर्गीय किरण देवी को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके परिजनों को सांत्वना दी गई।
इस अवसर पर समाज के वरिष्ठजनों, समाज पंचों एवं युवाओं के साथ कोटा में प्रस्तावित समाज छात्रावास निर्माण को लेकर विस्तृत एवं सार्थक चर्चा हुई। समाजजनों को संबोधित करते हुए सत्यनारायण खारवाल ने कहा कि समाज की सामूहिक एवं संगठनात्मक एकता ही उसे सशक्त, संगठित और आत्मनिर्भर बनाने का सबसे मजबूत आधार है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठजनों के अनुभव और युवाओं की सक्रिय भागीदारी से समाज शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सहयोग तथा विकास के नए आयाम स्थापित कर सकता है।उन्होंने कहा कि पारदर्शिता, आपसी समन्वय और समाजहित की भावना के साथ कार्य करने से संगठन मजबूत होगा तथा समाज के विकास के लक्ष्य आसानी से प्राप्त किए जा सकेंगे। उन्होंने कोटा में प्रस्तावित समाज छात्रावास को समाज की भावी पीढ़ी के लिए एक महत्वपूर्ण परियोजना बताते हुए कहा कि विद्यार्थियों को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण एवं निःशुल्क आवास उपलब्ध कराना समाज का सामूहिक दायित्व है।
सत्यनारायण खारवाल के इस प्रस्ताव का मालवा अंचल के समाजजनों ने स्वागत करते हुए छात्रावास निर्माण के लिए नैतिक समर्थन के साथ हरसंभव आर्थिक सहयोग देने का संकल्प व्यक्त किया।कार्यक्रम में समिति के संरक्षक रामरतन खारवाल, उपाध्यक्ष नरेन्द्र सिंह खारवाल, जिला अध्यक्ष रमेशचंद डोडिया, संगठन मंत्री बालचंद खारवाल, संयुक्त सचिव रमेशचंद जगन्नाथपुरा, सचिव रामनाथ खारवाल (सोली) सहित राष्ट्रीय एवं मध्य प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारी, मालवा अंचल के अनेक गणमान्य वरिष्ठजन एवं युवा साथी उपस्थित रहे।