वार्ड 43 में मूलभूत सुविधाओं की अनदेखी से आक्रोश, चुनाव बहिष्कार का ऐलान

चार साल से सड़क, नाली, बिजली-पानी की समस्याएं जस की तस, क्षेत्रवासियों ने जिला कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

अनिल कुमार खींची

ब्यावर। स्मार्ट हलचल|नगर परिषद चुनाव के बीच वार्ड संख्या 43 के विभिन्न कॉलोनियों के निवासियों ने मूलभूत सुविधाओं की समस्याओं का समाधान नहीं होने पर चुनाव बहिष्कार का ऐलान किया है। क्षेत्रवासियों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर अपनी समस्याओं से अवगत कराया और तत्काल समाधान की मांग की।
क्षेत्रवासियों ने बताया कि पिछले चार वर्षों से पंचोली नगर, नानेश नगर, उम्मेद नगर, श्रीनाथ कॉलोनी, 80 फीट रोड बी सहित सिद्धि विनायक कॉलोनी में सड़क, नाली, बिजली और पानी जैसी समस्याएं बनी हुई हैं। इन समस्याओं को लेकर जिला प्रशासन, विधायक, नगर परिषद आयुक्त तथा निवर्तमान पार्षद को कई बार लिखित ज्ञापन देने के साथ व्यक्तिगत रूप से भी अवगत कराया गया, लेकिन समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हुआ।
क्षेत्रवासियों का आरोप है कि हर बार उन्हें आश्वासन मिला, लेकिन धरातल पर स्थिति जस की तस बनी हुई है। इससे लोगों में भारी रोष है। इसी के चलते क्षेत्रवासियों ने सामूहिक बैठक कर आगामी नगर परिषद चुनाव में मतदान का बहिष्कार करने का निर्णय लिया है।
क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि चुनाव से पहले वार्ड की समस्याओं का गंभीरता से संज्ञान लेकर सड़क, नाली, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं का समाधान कराया जाए।