वसुनंदी महाराज का ससंघ हुआ जुरहरा में पदार्पण
आचार्य ससंघ के सानिध्य में आयोजित हो रहा पंचकल्याणक महोत्सव
रेखचन्द्र भारद्वाज
जुरहरा, जिला डीग :स्मार्ट हलचल /जिनेंद्र भगवान का पंचकल्याणक महोत्सव करने से व उसको करने की अनुमोदना करने मात्र से मानव जीवन का मंगल होता है। उक्त प्रवचन जैन आचार्य वसुनंदी महाराज ने बुधवार को कस्बे में आयोजित हो रहे पंचकल्याण प्रतिष्ठा महोत्सव के शुभारभ के समय उपस्थित जैन धर्मावलंबियों के समक्ष कहे। आचार्य संघ का बुधवार को कस्बे में पदार्पण हुआ। आचार्य के सानिध्य में स्थानीय नेमीश्वरधाम जैन मंदिर पर पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव एवं विश्व शांतियज्ञ का आयोजन हो रहा है।
आचार्य श्री ने कहा कि प्रत्येक जीव अपना मंगल चाहता है इसीलिए किसी भी शुभ काम को करने से पहले मंगलाचरण किया जाता है। इसके अलावा तीर्थों की पैदल यात्रा करने से पुण्य का संचय होता है। मंगलवार को कामां से बिहार करने के बाद सोनोखर में रात्रि विश्राम करने के बाद आचार्य ससंघ का बुधवार को कस्बे में पदार्पण हुआ जहां बैण्डबाजो एवं जैन धर्म के जयकारों के बीच कस्बे के सभी समुदायों ने मंगल प्रवेश कराया। आचार्य संघ का जगह-जगह पद प्राक्षलन कर आरती की गई। पंचकल्याणक महोत्सव के लिए नेमीश्वरधाम पर बनाई गई अयोध्या नगरी में आचार्य संघ को लाया गया जहां विधिवत रूप से जैन धर्म का झंडा रोहण कर पंचकल्याणक का शुभारंम किया गया। वहीं श्रीचन्द्रप्रभु दिगम्बर जैन मंदिर से जिनेन्द्र भगवान की रथयात्रा के साथ घटयात्रा निकाली गई जिसमें दो रथ पर जिनेन्द्र भगवानों की प्रतिमा, एक गजरथ, जैन धर्म की झांकियों के अलावा पंचकल्याणक में विभिन्न पात्रों को प्राप्त करने का सौभाग्य लेने वाले जैन बन्धुओं को बग्गी पर सवार कर अयोध्या नगरी लाया गया जहां चित्र अनावरण, दीप प्रज्वलन के अलावा कई धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। शोभायात्रा ने पूरे क़स्बे के माहौल को महोत्सव के रंग में रंग लिया। पंचकल्याणक के प्रथम दिवस गर्भ कल्याणक मनाया गया जिसमें माता की गोद भराई की गई। आज जन्म कल्याण मनाया जाएगा जिसके तहत एक विशाल रथयात्रा निकाली जाएगी तथा हैलीकॉप्टर द्वारा पुष्प वर्षा की जाएगी जिसके लिए आयोजन स्थल पर पाण्डुक शीला बनाई गई है। कार्यक्रम को लेकर कस्बे में खासा उत्साह दिखाई दे रहा है। बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में भरतपुर सांसद संजना जाटव कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ पहुंची जहां पंचकल्याणक कमेटी की ओर से उन्हें प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा भरतपुर लोकसभा सीट से बीजेपी से सांसद प्रत्याशी रहे रामस्वरूप कोली ने भी पंचकल्याणक कार्यक्रम में शिरकत की और कमेटी के द्वारा उनका भी स्वागत व सम्मान किया गया। गौरतलब है कि 5 मार्च से 9 मार्च तक आयोजित होने वाले पंचकल्याणक महोत्सव में उत्साह का माहौल बना हुआ है और सभी जगह पंचकल्याणक महोत्सव की ही चर्चा बनी हुई है।